राजस्थान/बाड़मेर- भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव रामजी अंबेडकर की 135वीं जयंती के पावन अवसर पर एक गरिमापूर्ण विचार गोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम संयोजक डॉ जसवंत सिंह मायला, जयरामदास मेघवाल,भोमसिंह सुंदरा, छगन माली ने संबोधित किया।
न्यास के अध्यक्ष मनोहर बंसल के मार्गदर्शन में टाउन हॉल में आयोजित होगा। कार्यक्रम के संयोजक डॉ. जसवंत सिंह मायला ने बताया कि इस वैचारिक आयोजन को शंभूनाथ महाराज मठाधीश, चंचल प्राग मठ बाड़मेर का पावन सानिध्य प्राप्त होगा। संगोष्ठी के मुख्य वक्ता डॉ. बी.आर. अंबेडकर समन्वय समिति, संबलपुर ओडिशा के अध्यक्ष एवं सामाजिक न्याय व अधिकारिता मंत्रालय के पूर्व सदस्य दिलीप बेहरा होंगे, जो “बाबा साहेब का राष्ट्र के प्रति दृष्टिकोण” विषय पर गहराई से प्रकाश डालेंगे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बाड़मेर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश आर्य शिरकत करेंगे तथा अध्यक्षता जसराज चौहान द्वारा की जाएगी। विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रधानाचार्य विसुधा कंडारा एवं सामाजिक कार्यकर्ता वीणा पनपालिया उपस्थित रहेंगी।
आयोजन की विशिष्टता बताते हुए सह-संयोजक अधिवक्ता गोपाल सिंह राजपुरोहित एवं जयरामदास मेघवाल ने संयुक्त रूप से जानकारी दी कि इस अवसर पर बाबा साहेब के जीवन दर्शन को दर्शाती एक विशाल प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसमें विशेष रूप से बाबा साहेब के जीवन से जुड़े ‘पंचतीर्थों’ के गौरवशाली इतिहास और राष्ट्र निर्माण में उनके महत्व को प्रदर्शित किया जाएगा। साथ ही, आगंतुकों के लिए एक आकर्षक सेल्फी पॉइंट भी बनाया जाएगा, जहाँ युवा बाबा साहेब के प्रेरणादायी विचारों के साथ अपनी स्मृतियाँ संजो सकेंगे।
मायला ने कहा कि संविधान की प्रारूप समिति के अध्यक्ष के रूप में बाबा साहेब ने राष्ट्र की एकता और अखंडता का जो सूत्रपात किया, वह आज भी हमारा मार्गदर्शक है। उनके द्वारा किए गए राष्ट्र-निर्माण के कार्यों और उनके वैश्विक विजन को जन-जन तक पहुँचाने हेतु न्यास की पूरी टीम तैयारियों को अंतिम रूप दे रही है। न्यास अध्यक्ष मनोहर बंसल एवं पूरी आयोजन समिति ने समस्त बाड़मेर वासियों से अपील की है कि भव्य आयोजन की शोभा बढ़ाएं। इस दौरान डॉ जसवंतसिंह मायला, जयरामदास मेघवाल, भोमसिंह सुंदरा छगन माली सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
— राजस्थान से राजूचारण
