जिला चिकित्सालय बालोतरा में आज से रामाश्रय कैम्प का आयोजन

राजस्थान/बाड़मेर – राज्य सरकार के निर्देशानुसार राजकीय नाहटा जिला चिकित्सालय में एक दिवसीय विशेष रामाश्रय कैम्प का आयोजन किया जाएगा। इस कैम्प के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को सुलभ, सम्मानजनक एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप कुमार देवात ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य 60 वर्ष से अधिक आयु के वृद्धजनों को एक ही स्थान पर विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है, ताकि उन्हें अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें और समय पर उचित उपचार मिल सके।

उन्होंने बताया कि शिविर में आने वाले वरिष्ठ नागरिकों की जांच एवं उपचार के लिए अस्थि रोग विशेषज्ञ, जनरल मेडिसिन विशेषज्ञ, फिजियोथेरेपिस्ट तथा नेत्र सहायक की विशेष टीम मौजूद रहेगी। इस दौरान वृद्धजनों की उच्च रक्तचाप (ब्लड प्रेशर), डायबिटीज, डिमेंशिया सहित अन्य आयु संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं की जांच कर आवश्यक उपचार और उचित परामर्श दिया जाएगा। शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण के साथ-साथ वरिष्ठ नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली, नियमित व्यायाम, संतुलित आहार और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने के महत्व के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।

डॉ. देवात ने जिले के सभी वरिष्ठ नागरिकों एवं उनके परिजनों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस शिविर का लाभ उठाएं और अपने स्वास्थ्य की जांच करवाएं।उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शिविरों के माध्यम से सरकार का उद्देश्य वृद्धजनों को समर्पित, सुगम और सम्मानपूर्वक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है, जिससे वे स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवन व्यतीत कर सकें।

— राजस्थान से राजूचारण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *