भोजीपुरा, बरेली। जनपद की नगर पंचायत धौराटांडा मे जल निकासी को लेकर भूमि स्वामी और क्षेत्रवासियों के बीच टकराव के हालात थे। एक बार दोनों पक्षों में मारपीट भी हुई। मंगलवार को पुलिस-प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर विवाद का निस्तारण कराया, जिसमें नाला और निकास के लिए रास्ते को जमीन देने पर सहमति बन गई। आपको बता दें कि इस निजी जमीन से लंबे समय से धौराटांडा के तमाम घरों का पानी निकलता है। पिछले दिनों प्रापर्टी डीलर और भूमि स्वामियों ने यहां पटान का कार्य शुरू कराया तो क्षेत्रवासियों से विवाद हो गया। 25 मार्च को दोनों पक्षों में मारपीट हुई, जिसको लेकर दोनों ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई। मगर इसको लेकर लगातार तनाव की स्थिति बनी हुई थी। मंगलवार को एसडीएम सदर प्रमोद कुमार, एएसपी शिवम आशुतोष, नायब तहसीलदार विदित कुमार, अभिषेक तिवारी और इंस्पेक्टर भोजीपुरा राजीव चौधरी पुलिस बल के साथ पहुंचे। कस्बे के एक बारातघर में दोनों पक्षों की पंचायत हुई। इसके बाद बस्ती के लोगों के लिए आठ फीट चौड़ा नाला बनाने और नौ फीट चौड़ा रास्ता देने पर सहमति बन गई। दोनों पक्षों ने समझौता लिखकर अधिकारियों को सौंप दिया।।
बरेली से कपिल यादव
