बरेली। छत से गिरकर विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला के परिजनों ने पति पर छत से धक्का देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। तहरीर मिलने के बाद सुभाषनगर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वही घटना के बाद आरोपी पति फरार हो गया है। थाना सुभाषनगर क्षेत्र के महीनाथ निवासी मुस्कान की शादी 3 साल पहले फरीदपुर के बुधौली गांव निवासी मुन्नालाल के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति और ससुराल के लोग उसे दहेज को लेकर प्रताड़ित कर रहे थे। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी। परिजनों का कहना है कि कुछ समय पहले मुन्नालाल मुस्कान को काम कराने के लिए हल्द्वानी ले गया था। वहां भी उसके साथ मारपीट की गई। होली पर मुस्कान अपने मायके आई थी। पति मुन्नालाल रविवार को उसे बुलाने के लिए गया था, लेकिन परिजनों ने भेजने से इंकार कर दिया था। आरोप है कि इसके बाद मुन्नालाल मुस्कान को छत पर ले गया। उसके बाद उसे धक्का देकर नीचे गिराकर मार दिया। उसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सुभाष नगर थाना प्रभारी जितेन्द्र सिंह ने बताया कि फरीदपुर से उसका पंचायत नामा भरने की कार्रवाई हुई है। मृतका की मां से बात की गई है। उसने अंतिम संस्कार के बाद तहरीर देने को कहा है। फरार हुए पति को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।।
बरेली से कपिल यादव
