बरेली। सीएम ग्रिड योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्य मे बड़ी लापरवाही सामने आई है। फेज-वन के कार्य के दौरान बुधवार को कुष्ठ आश्रम रोड पर खुले मैनहोल में एक कार फंस गई। जिससे बड़ा हादसा होने से बाल-बाल बच गया। घटना की जानकारी मिलते ही नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित कार्यदायी एजेंसी अनमोल एसोसिएट पर 5 लाख रुपये का जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। मुख्य अभियंता ने एजेंसी को जुर्माने का नोटिस भेजा है। बताया गया कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही थी और मैनहोल खुले छोड़ दिए गए थे। सीएम ग्रिड योजना के पहले फेज मे मॉडल टाउन, डीडीपुरम, कुष्ठ आश्रम जैसे मार्गों का चौड़ीकरण, सौन्दर्यीकरण हो रहा है। योजना के तहत कार्यदायी एजेंसी द्वारा लगातार लापरवाही और अनदेखी की जा रही है। मुख्य अभियंता मनीष अवस्थी ने बताया कि एजेंसी को पहले भी कई बार नोटिस देकर खुले मैनहोल बंद करने के निर्देश दिए जा चुके थे, लेकिन निर्देशों का पालन नही किया गया। अब एजेंसी को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि तीन दिन में सभी खुले मैनहोल और गड्ढों को बंद किया जाए। पूरे क्षेत्र का निरीक्षण कर फोटो और वीडियो के साथ रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। उन्होंने बताया यदि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोहराई गई तो एजेंसी पर एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल एजेंसी पर पांच लाख का जुर्माना लगाने की कार्रवाई की गई है।।
बरेली से कपिल यादव
