खतरनाक चाइनीज मांझे का शिकार हुई लखनऊ की 6 साल की अबीहा फातिमा, गर्दन पर लगे 10 टांके

लखनऊ- राजधानी लखनऊ में खतरनाक चाइनीज मांझे का इस बार शिकार एक 6 साल की मासूम बच्ची हुई है. कैसरबाग इलाके में रहने वाली 6 वर्षीय अबीहा फातिमा पिता की बाइक पर आगे बैठकर जा रही थी, तभी चार बत्ती चौराहे के पास चाइनीज मांझा उसकी गर्दन और हाथ में उलझ गया. अबीहा के पिता खलील अहमद ने बताया कि अचानक मांझा आकर बच्ची पर लिपट गया. जैसे ही उन्होंने बाइक रोकी, तब तक अबीहा की गर्दन और हाथ पर गहरे घाव हो चुके थे. खून बहने लगा और मासूम दर्द से कराह उठी.परिजनों ने तुरंत अबीहा को बलरामपुर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसकी गर्दन पर 10 टांके लगाए. बच्ची की हालत अब स्थिर बताई जा रही है, लेकिन परिवार सदमे में है. खलील अहमद ने कहा कि ऐसी घटनाएं अब आम हो गई हैं, लेकिन प्रशासन को चाइनीज मांझे पर सख्ती से रोक लगानी चाहिए, क्योंकि यह बच्चों और राहगीरों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है.बता दें कि पिछले कई दिनों से लगता खतरनाक मांझे की चपेट में लोग आ रहे हैं. चाइनीज मांझा बैन होने के बावजूद बाजार में उपलब्ध है और पतंगबाजों द्वारा इस्तेमाल किया जा रहा है. इससे पहले भी कई लोगों की गर्दन, चेहरा और हाथ कट चुके हैं, कुछ मामलों में मौत भी हुई है. पिछले दिनों मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चाइनीज मांझे से मौत को हत्या के समान बताया था. साथ ही पुलिस को निर्देश दिए थे कि इस खतरनाक मांझे के खिलाफ प्रदेशव्यापी अभियान चलाया जाए, बावजूद इसके इस पर लगाम नहीं लग सकी है.उधर प्रयागराज में प्रतिबंध के बावजूद भी चीनी मांझे का प्रयोग नहीं बंद हो रहा है. हाईकोर्ट के एक अधिवक्ता आशुतोष ओझा चाइनीज मांझे से घायल हुए. शनिवार को बांगड़ धर्मशाला के पास चाइनीज मांझे की चपेट में आ गये. अधिवक्ता ने हाथ से मांझे को पकड़ लिया, जिसके चलते गले में गहरा घाव होने से बच गया. लेकिन गले में कई जगह कट के निशान और हाथ भी कट गया. डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद अधिवक्ता आशुतोष ओझा को घर भेज दिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *