किसानों पर कंपनियों की मनमानी सत्ता का संरक्षण और दबाव में स्वीकार्य नहीं – सांसद बेनीवाल

* न्याय और उचित मुआवजा दिलाएंगे- सांसद बेनीवाल

राजस्थान/बाड़मेर – बाड़मेर-जैसलमेर संसदीय क्षेत्र के सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल के मुख्य आतिथ्य में राजकीय प्राथमिक विद्यालय मोखाब खुर्द के नवनिर्मित मुख्य द्वार का विधिवत उद्घाटन किया गया। इसी क्रम में राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय पाबूमाली में डिजिटल बोर्ड का लोकार्पण संपन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं ग्रामीणों की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के दौरान सांसद बेनीवाल ने शिक्षा के आधुनिकीकरण पर बल देते हुए मोखाब विद्यालय में एक डिजिटल बोर्ड प्रदान करने की घोषणा की। साथ ही पाबूमाली विद्यालय में विद्यार्थियों की सुविधा हेतु टीनशॉड निर्माण की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ डिजिटल शिक्षा अत्यंत आवश्यक है, जिससे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं तकनीकी रूप से सशक्त शिक्षा प्राप्त हो सके। सांसद बेनीवाल ने शिक्षा के विकास एवं क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान हेतु स्थानीय लोगों और भामाशाहो के सहयोग और सामूहिक प्रयासों की सराहना की।

अपने संबोधन में सांसद बेनीवाल ने विशेष रूप से बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाज की प्रगति में बालिकाओं की शिक्षा की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने अभिभावकों एवं विद्यार्थियों से शिक्षा के प्रति जागरूक रहने और बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने का आह्वान किया।

पेयजल समस्या पर चिंता व्यक्त करते हुए सांसद बेनीवाल ने क्षेत्र के ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि क्षेत्र में पानी पहुंचाने के लिए वे निरंतर प्रयासरत रहेंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पेयजल की समस्या के स्थायी समाधान हेतु निरंतर प्रयास करेंगे और सरकार के समक्ष जन समस्याओं के मुद्दों को मजबूती से उठाएंगे।

सांसद बेनीवाल ने क्षेत्र में कार्यरत निजी सोलर एवं विंड कंपनियों के संदर्भ में संबोधित करते हुए कहा कि स्थानीय लोगों के हितों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने कहा कि किसानों की जमीन, मेहनत और अधिकारों पर किसी भी कंपनी की मनमानी स्वीकार्य नहीं हैं सत्ता का संरक्षण हो या दबाव किसानों को न्याय और उचित मुआवजा दिलाएंगे जिसके लिए मजबूती से डटकर संघर्ष रूपी मुकाबला करना होगा। कंपनियों की तानाशाही नहीं चलने दी जाएगी तथा स्थानीय निवासियों को रोजगार एवं प्राथमिकता सुनिश्चित करने हेतु हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने ग्रामीणों से अपने हक एवं अधिकारों के प्रति सजग, संगठित एवं मजबूत रहने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में शिव पूर्व प्रधान मेहन्द्र जाणी, मोखाब सरपंच पहलाराम जाणी, शिव ब्लॉक सरपंच अध्यक्ष एवं राजबेरा सरपंच पहलादराम धोरी, भामाशाह खुमाराम बांगड़वा, भामाशाह लाभूराम बेनीवाल, शिव ब्लॉक एसीबीओ भटम सिंह, उप सरपंच सकूर खान, मंच संचालक घमंडाराम निम्बाड़िया सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन घमंडाराम निम्बाड़िया द्वारा किया गया।

— राजस्थान से राजूचारण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *