बरेली। नगर निगम की प्रवर्तन टीम ने शुक्रवार को शहर के व्यस्ततम स्टेशन रोड और कमिश्नर कार्यालय के आसपास के क्षेत्रों में सघन अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अधिकारियों का कहना है कि सर्वेक्षण टीम किसी भी समय शहर का निरीक्षण करने पहुंच सकती है जो स्वच्छता मानकों के साथ-साथ सड़कों की स्थिति और सार्वजनिक स्थानों पर हुए अतिक्रमण का भी बारीकी से मूल्यांकन करेगी। इसी को ध्यान में रखते हुए नगर आयुक्त के निर्देशन में यह विशेष अभियान शुरू किया गया है ताकि शहर की रैंकिंग मे सुधार लाया जा सके। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य के आदेश पर दोपहर में राजस्व निरीक्षक सच्चिदानंद और प्रवर्तन दल प्रभारी सीबी जोशी की मौजूदगी में टीम बुलडोजर के साथ पहुंची तो अफरातफरी मच गई। अभियान के दौरान टीम ने कमिश्नर ऑफिस के पूर्वी व पश्चिमी गेट से लेकर स्टेशन रोड तक सड़क किनारे अवैध रूप से लगाई गई दुकानों, फड़ और ठेलों को हटा दिया। कार्रवाई के दौरान कई दुकानदारों और ठेला संचालकों की टीम के साथ तीखी बहस हुई। व्यापारियों ने विरोध जताते हुए मोहलत मांगी लेकिन निगम की टीम ने किसी की एक न सुनी। इस दौरान सड़क पर यातायात बाधित कर रहे दर्जनों फड़ और ठेलों को जब्त कर नगर निगम कार्यालय भेज दिया गया। कड़े तेवर अपनाते हुए अधिकारियों ने मौके पर ही नियम उल्लंघन करने वालों से 45 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने कहा कि कि यह अभियान केवल एक दिन की औपचारिकता नहीं है, बल्कि स्वच्छ सर्वेक्षण के संपन्न होने तक यह निरंतर जारी रहेगा।।
बरेली से कपिल यादव
