अवधेश सर को वापस लाओ’ के स्कूली बच्चों ने लगाए नारे सड़क पर किया प्रदर्शन

सम्भल। विकास खंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत भारतल सिरसी स्थित पीएम श्री विद्यालय में शुक्रवार को छात्रों ने अपने शिक्षक को वापस लाने की मांग को लेकर सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। छात्रों ने “अवधेश सर को वापस लाओ” के नारे लगाते हुए विद्यालय प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई और अपने भविष्य को लेकर चिंता व्यक्त की।
शुक्रवार सुबह विद्यालय के दर्जनों छात्र-छात्राएं स्कूल परिसर से निकलकर पास के बाजार क्षेत्र में एकत्र हो गए।वहां उन्होंने नारेबाजी करते हुए कहा कि जब तक अवधेश सर विद्यालय में पढ़ाते थे,तब तक पढ़ाई का माहौल बेहतर था और सभी बच्चों को नियमित रूप से पढ़ाया जाता था। छात्रों का आरोप है कि कुछ शिक्षकों ने उन पर गलत आरोप लगाकर उन्हें निलंबित करा दिया,जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है।प्रदर्शन में शामिल छात्राओं ने भी कहा कि अवधेश सर के रहते पढ़ाई व्यवस्थित तरीके से होती थी,लेकिन अब विद्यालय में पढ़ाई का स्तर गिर गया है।बच्चों का यह भी आरोप है कि कुछ शिक्षक स्कूल परिसर में गुटखा खाते हैं और बच्चों के साथ अनुचित व्यवहार करते हैं, जिससे उनका पढ़ाई में मन नहीं लग रहा है। छात्रों ने प्रशासन से मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और अवधेश सर को दोबारा विद्यालय में तैनात किया जाए।ग्राम प्रधान चंद्रशेखर ने भी बच्चों की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि जब अवधेश शिक्षक विद्यालय में थे,तब पढ़ाई का माहौल काफी बेहतर था। उन्होंने कहा कि यदि बच्चों के साथ शिक्षकों द्वारा गलत व्यवहार किया जा रहा है तो यह गंभीर मामला है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।इधर,बच्चों के सड़क पर प्रदर्शन की सूचना मिलते ही खंड शिक्षा अधिकारी और थाना नखासा प्रभारी मौके पर पहुंचे।अधिकारियों ने छात्रों को समझा-बुझाकर शांत कराया और उन्हें घर भेज दिया। इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अलका सिंह ने कहा कि उन्हें अभी इस मामले की जानकारी नहीं है। यदि ऐसा कोई मामला सामने आया है तो जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

— सम्भल से सैय्यद दानिश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *