शोहदे से भिड़ी छात्रा, परिजन की मदद से पीटकर पुलिस को सौंपा

भोजीपुरा, बरेली। जनपद के थाना भोजीपुरा क्षेत्र मे स्कूल से लौट रही छात्रा को शुक्रवार को शोहदे ने पकड़ा और सड़क किनारे खाई मे ले जाकर दुष्कर्म का प्रयास किया तो छात्रा शोहदे से भिड़कर शोर मचाते हुए भागी और अपने को बचा लिया। परिजन को सूचना दी तो वह उसे मौके से ले गये। शनिवार को शोहदे ने फिर वही हरकत की। इस बार फिर छात्रा ने हिम्मत करके शोहदे को पकड़ लिया तभी घात लगाए बैठे परिजन ने युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया है। भोजीपुरा के एक गांव मे रहने वाली छात्रा दसवीं की पढ़ाई कर रही है। धौराटांडा निवासी अजय कश्यप रास्ते मे अक्सर छात्रा को परेशान करता था लेकिन छात्रा बदनामी के डर से चुप रही। शुक्रवार दोपहर छात्रा स्कूल से लौट रही थी तो पीछे बाइक लेकर पहुंचे अजय ने उसे पकड़ लिया और खाई में खींचकर दुष्कर्म की कोशिश की लेकिन छात्रा भिड़ गई और उसे धक्का देकर शोर मचाती हुई सड़क पर आ गई। आसपास मौजूद लोगों के आने पर अजय बाइक लेकर भाग गया। छात्रा ने परिजनों को घटना की सूचना दी तो वे लोग मौके पर पहुंचे और उसे घर ले गए। फिर उन लोगों ने शोहदे को पकड़ने की योजना बनाई। शनिवार को छात्रा के परिजन शोहदे की तलाश मे रास्ते मे छिपकर बैठ गए। जब छात्रा कॉलेज से लौट रही थी तो अजय फिर से पहुंच गया और उसे घेरकर छेड़छाड़ शुरू कर दी। इस पर छात्रा ने शोर मचाते हुए उसे पकड़ लिया। इसी बीच उसके परिजन भी पहुंच गए और आरोपी को पकड़ लिया। इंस्पेक्टर राजीव सिंह ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *