मजदूर की आत्महत्या मे पांच दिन बाद ठेकेदार पर मुकदमा दर्ज

हाफिजगंज, बरेली। जनपद के थाना हाफिजगंज क्षेत्र मे मजदूर की आत्महत्या के मामले मे पांच दिन बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी की तहरीर पर ठेकेदार के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हाफिजगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव मटकुला निवासी दीपांकर मिश्रा (26) ने आर्थिक तंगी से परेशान होकर दो मार्च को आत्महत्या कर ली थी। जिसके बाद ग्रामीणों ने चंदा एकत्र कर अंतिम संस्कार कराया। पत्नी ने पुलिस में दर्ज कराई रिपोर्ट मे कहा है कि दीपांकर मिश्रा 12 दिसंबर को एक ठेकेदार के साथ मजदूरी करने आंध्र प्रदेश गए थे। वहां ठेकेदार उन्हें और पांच अन्य मजदूरों को एक फैक्टरी मे काम पर छोड़कर भाग निकला। ठेकेदार फैक्टरी स्वामी से मजदूरों के ढाई लाख रुपये लेकर चला आया। जब मजदूरों ने मजदूरी मांगी ती फैक्टरी स्वामी ने बताया कि उनके पैसे ठेकेदार पहले ही ले चुका है। दीपांकर समेत सभी ने घरवालों से संपर्क कर रुपये मंगवाए और वहां से निकलकर गांव लौटे। गांव लौटने के बाद ठेकेदार ने मजदूरी के पैसे नही दिए। होली पर घर खर्च, बच्चों के दूध और जरूरी सामान के लिए पैसे न होने से परेशान होकर दीपांकर मिश्रा ने ठेकेदार से मजदूरी के रुपये मांगे। पत्नी का आरोप है तब ठेकेदार ने यह कह दिया कि रुपये नही दूंगा, कही मर जाओ जाकर। जिसके बाद होली पर खर्च के लिए पैसे न मिलने से परेशान उसके पति ने आत्माहत्या कर ली। पुलिस ने पत्नी की तहरीर पर ठेकेदार हरपाल, निवासी गांव डडिया पर अत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया है। दीपांकर की मौत के बाद परिवार की हालत बेहद दयनीय हो गई है। बच्चों के दूध तक के लिए परिवार को दर-दर भटकना पड़ रहा है। मजदूर की मौत के बाद परिवार दाने-दाने और पाई-पाई को मोहताज हो गया।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *