पंचायत के दौरान दामाद ने चाकू से हमला कर सास और साले को मार डाला, आरोपी मौके से भागा

बरेली। जनपद के थाना इज्जतनगर क्षेत्र मे अफसर खान नाम के युवक ने सोमवार को दिनदहाड़े अपनी सास आसमां (54 वर्ष) और साले आदिल (20 वर्ष) की हत्या कर दी। जानकारी के मुताबिक गांव रहपुरा चौधरी निवासी अफसर का अपनी पत्नी साइमा से विवाद चल रहा था। उसी को लेकर सोमवार को पंचायत बुलाई गई थी। पंचायत के दौरान ही अफसर ने चाकू से अपनी सास और साले पर हमला कर दिया। दोनों पर ताबड़तोड़ प्रहार किए, जिससे आसमां और उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन आनन-फानन दोनों को लेकर निजी अस्पताल पहुंचे जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। बीच-बचाव करने के दौरान आरोपी की पत्नी भी घायल हो गई। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग गया। दोहरे हत्याकांड से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। एडीजी जोन रमित शर्मा, एसएसपी अनुराग आर्य, एसपी सिटी मानुष पारीक भी मौके पर पहुंचे। आसपास के लोगों से घटना की जानकारी जुटाई। थाना पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। दोहरे हत्याकांड के आरोपी अफसर का अपराधों से पुराना नाता रहा है। पहले 2004 मे मामा की हत्या के मामले मे जेल जा चुका था। उसने ससुरालियों पर पहले भी चाकू से हमला कर उन्हें पायल दिया था। रविवार को भी अफसर ने पत्नी सायमा के साथ मारपीट की थी। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि अफसर और उसकी पत्नी सायमा में रविवार को विवाद हुआ था। इसके बाद पत्नी ने डायल 112 पर शिकायत करने के अलावा इज्जतनगर थाने में लिखित में शिकायत करके पति से जान का खतरा बताया था, लेकिन पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया। गांव के लोगों का कहना है कि अगर पुलिस इसे गंभीरता से लेती तो आज दो जिंदगी बच गई होती। आरोपी अफसर ने अपनी सास को चांटा मार दिया था, इसका पत्नी ने विरोध किया था। इससे यह भड़का हुआ था। आरोप है कि अफसर खुलेआम धमकी दे रहा था कि 2004 में वह एक हत्या कर चुका है, एक दो हत्या अव कर देगा, लेकिन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कोई जांच नहीं की। पुलिस से शिकायत करने के बाद आरोपी को डर था कि पुलिस कहीं उसे गिरफ्तार न कर ले, जबकि तमंचा लेकर गली मे घूम रहा था। इसके बाद सोमवार को पड़ोस के रहने वाले राशिद के घर पर पंचायत हुई थी लेकिन आरोपी पहले से ही तैयारी करके आया था। उसने विवाद सुलझाने के लिए हुई पंचायत में सास और साले पर चाकू से ताबड़तोड हमला करके उन्हें मौत के घाट उतार दिया, जवकि हमले में पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। ईद का वास्ता देकर कराई थी पंचायत: आरोप है कि पांच दिन पहले पति अफसर से विवाद होने के बाद सायमा अपने मायके मे बच्चों के साथ आकर रहने लगी थी, लेकिन अफसर ने पड़ोसी राशिद ज्वैलर से कहा था कि एक बार और समझौता करा दीजिए। ईद का त्योहार नजदीक आ रहा है। पति पत्नी साथ में मिलकर हंसी खुशी रहेंगे। आरोपी अफसर ने पंचायत कराकर मामले का निस्तारण कराने को कहा था। इसके बाद ही राशिद के घर पर पंचायत बुलाई गई थी। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि घटना की जांच कराई जा रही है। परिवारवालों से पूछताछ की गई तो पता लगा कि आरोपी अफसर और उसकी पत्नी साइमा के बीच विवाद चल रहा था। इसके समाधान के लिए राशिद के घर पर दोनों पक्षों को बुलाया गया था। घर के लोग मौजूद थे। उसी दौरान इनमें कहासुनी हुई। इसके बाद अफसर ने चाकू से अपनी सास, साले और पत्नी पर हमला कर दिया। आरोपी की सास और साले की मौत हो गई है। उसकी पत्नी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसएसपी ने बताया कि घटनास्थल पर सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ है। उसका डीवीआर कब्जे में लिया है। पीड़ित पक्ष की ओर से जो भी तहरीर दी जाएगी, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *