देवरनियां, बरेली। नैनीताल रोड स्थित सेमीखेड़ा के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौत हो गई। थाना क्षेत्र के गांव भीकमपुर निवासी तेजपाल मौर्य पुत्र ज्ञान प्रकाश सोमवार रात सेमीखेड़ा स्थित पेट्रोल पंप पर बाइक मे पेट्रोल डलवाने गया था। तेल भरवाने के बाद वह अपने गांव की और लौट रहा था। तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक सड़क पर गिर पड़ा। कार चालक उसे कुचलता हुआ आगे निकल गया। गंभीर रूप से घायल तेजपाल मौर्य को तत्काल भोजीपुरा के रामपूर्ति अस्पताल ले जाया गया। वहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। पुलिस ने टक्कर मारने वाले कार चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी जांच की जा रही है। युवक की मौत से परिवार में चीत्कार मच गई है। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। कोतवाली प्रभारी अशुतोष द्विवेदी ने बताया कि मृतक तेजपाल मौर्य सेमीखेड़ा पर टेंपो मिस्त्री की दुकान चलाता है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा।।
बरेली से कपिल यादव
