बरेली। जनपद के थाना बारादरी मे खड़ी बाइक नही मिलने पर दुखी होकर डिलीवरी ब्वॉय के आत्मदाह की कोशिश मे एसएसपी ने थाने के जनसुनवाई अधिकारी एसआई सुरेंद्र कुमार को सस्पेंड कर दिया है। प्रारंभिक जांच मे सामने आया है कि डिलीवरी ब्वॉय अक्षय दिन मे तीन बार थाने गया था लेकिन जनसुनवाई अधिकारी ने उसकी शिकायत दर्ज नही की थी। इस मामले मे बारादरी थाने मे पुलिस ने दो मुकदमे दर्ज किए है। इसमे पहला मुकदमा डिलीवरी ब्वॉय की तरफ से बाइक चोरी का दर्ज कराया गया है। वही दूसरा मुकदमा उसी बाइक से हुए एक्सीडेंट का लिखा गया है। पुलिस दोनों मुकदमों की विवेचना कर रही है। फतेहगंज पश्चिमी मे ब्लॉक के पास रहने वाला अक्षय कुमार एक कंपनी डिलीवरी ब्वॉय का काम करता है और अपनी मां के साथ कोतवाली क्षेत्र मे किराये पर रहता है। उसके अनुसार बीते सोमवार की शाम वह बारादरी के गंगापुर मे डिलीवरी देने गया था। वहां संजयनगर का रहने वाला विकास उसकी बाइक लेकर भाग रहा था। उसने पकड़ने की कोशिश की तो विकास ने बाइक से माधोबाड़ी निवासी चंद्रसेन को टक्कर मार दी थी। चंद्रसेन को निजी अस्पताल मे भर्ती कराया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने अक्षय की बाइक पकड़ ली थी और बारादरी थाने ले गई थी। अक्षय अपनी बाइक के लिए बारादरी थाने के चक्कर काट रहा था लेकिन पुलिस उसे टरका रही थी। इसी बात से क्षुब्ध होकर उसने बीते मंगलवार को बारादरी थाने मे खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली थी। इस सनसनीखेज घटना के बाद एसएसपी के आदेश पर जांच शुरू हुई। बारादरी थाने के सीसीटीवी फुटेज देखे गए तो पता चला कि अक्षय दिन मे तीन बार अपनी बाइक लेने थाने गया था। इस दौरान जनसुनवाई अधिकारी एसआई सुरेंद्र कुमार ने उसकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नही की। इस लापरवाही पर एसएसपी ने दरोगा सुरेंद्र कुमार को सस्पेंड कर दिया है। साथ ही इस मामले मे विभागीय जांच के आदेश दिए है। प्रकरण की जांच अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी को दी गई है। वही बारादरी थाना गेट पर आग लगाकर जान देने का प्रयास करने वाले डिलीवरी ब्वॉय की हालत अब खतरे से बाहर है। शरीर के ऊपरी हिस्से में झुलसे डिलीवरी बॉय का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।।
बरेली से कपिल यादव
