बरेली। जनपद के थाना किला क्षेत्र मे रामपुर रोड पर शनिवार देर रात हुए सड़क हादसे मे बहू-ससुर समेत तीन लोगों की मौत हो गई जबकि बच्चा समेत तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई। रामपुर में थाना शहजादनगर के गांव कल्याणपुर निवासी गोविंद ने बताया कि शनिवार रात परिवार के लोगों के साथ वह शाही के गांव मंसूरगंज में अपने फुफेरे भाई राहुल की शादी में गए थे। कार उनके चाचा राम बहादुर चला रहे थे। घर लौटने के दौरान रात करीब एक बजे सामने से उल्टी दिशा मे आई कार को बचाने के प्रयास में उनकी कार अनियंत्रित होकर किला क्षेत्र के मोहल्ला स्वालेनगर मे रामपुर रोड किनारे खड़े पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि उनकी पत्नी 30 वर्षीय मोना, 60 वर्षीय पिता खेमकरन और मुरादाबाद में थाना मूढ़ापांडे के शिवपुरी निवासी 85 वर्षीय फूफा रामगुलाम की मौत हो गई। मोना इस समय गर्भवती थी। हादसे में गोविंद के चाचा राम बहादुर, दो वर्षीय बेटा ज्ञानदीप और वह खुद भी गंभीर रूप से घायल हो गए। सड़क हादसे मे तीन लोगों की मौत के बाद ट्रैफिक पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की पड़ताल की और उनकी रिपोर्ट डीएम को भेजी है। इसमें तेज रफ्तार के साथ ही जर्जर सड़क, डिवाइडर का कट और सड़क किनारे लगे पेड़ को हादसे का जिम्मेदार बताया गया है।।
बरेली से कपिल यादव
