तेजाब पीने से युवती की मौत, हत्या का आरोप

भोजीपुरा, बरेली। जनपद के थाना भोजीपुरा क्षेत्र मे अपने से दोगुनी उम्र के युवक से प्रेम विवाह करने वाली दलित युवती की तेजाब पीने से मौत हो गई। मायके वालों ने जाति व दहेज दस लाख रुपये न देने पर तेजाब पिलाकर हत्या का आरोप लगाया है। मृतका के पिता लक्ष्मण प्रसाद ने ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज हत्या की तहरीर दी है। पुलिस शव पोस्टमार्टम को भेजकर मामले की जांच कर रही है। थाना भोजीपुरा के गांव सुरला निवासी लक्ष्मण प्रसाद सागर का कहना है कि अगस्त 2025 मे गांव मे ही रहने वाला दोगुनी उम्र का विवाहित युवक राकेश गंगवार उनकी बेटी गायत्री को बहलाकर ले गया था। पुलिस ने उनकी बेटी को उत्तराखंड से बरामद किया लेकिन उसने अपने प्रेमी राकेश के साथ रहने की बात कही। इसके बाद गायत्री प्रेम विवाह करके राकेश के साथ रहने लगी थी जबकि उसकी पत्नी इस रिश्ते के खिलाफ थी। लक्ष्मण ने आरोप लगाया है कि जेल जाने के डर से राकेश ने उनकी बेटी को अपने घर मे तो रखा लेकिन दलित जाति की होने के कारण ससुराल वाले उससे भेदभाव करते थे। घर मे रहने देने के बदले ससुराल वाले उससे दस लाख रुपये की मांग करते थे। मांग पूरी न होने पर शुक्रवार सुबह राकेश और अन्य ससुराल वालों ने उनकी बेटी गायत्री को तेजाब पिला दिया। ससुराल वालों ने गायत्री को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। जहां दोपहर दो बजे उसकी मौत हो गई। इसके बाद ससुराल वाले शव को मेडिकल कॉलेज मे ही छोड़कर फरार हो गए। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक भोजीपुरा राजीव कुमार सिंह और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *