बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। थाना शाही क्षेत्र मे बुधवार की सुबह 24 घंटे से लापता लेखपाल का शव नाले मे पड़ा मिला। आसपास के लोगों ने नाले में शव पड़ा होने की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त के बाद लेखपाल के परिवार वालों को घटना की जानकारी दी। मौत की जानकारी मिलते ही परिवार वालों में कोहराम मच गया है।जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत की वजह पोस्टमार्टम में ही सामने आएगी। लेखपाल के बेटे ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आपको बता दें कि थाना शाही क्षेत्र के गांव पचतौर निवासी सत्यदेव गंगवार इन दिनों परिवार सहित फतेहगंज पश्चिमी के अंसारी मोहल्ले में रह रहे थे। मृतक के बेटे विनोद कुमार ने बताया कि उनके पिता तहसील बहेड़ी क्षेत्र के गांव मानपुर में तैनाती थी। मंगलवार को तहसील दिवस पर उनके पिता घर से करीब 9 बजे बहेड़ी के लिए निकले। मगर शाम को भी वह घर नही आए। जब उन्हें फोन किया गया तो उनका नंबर बंद आ रहा था। इससे पहले भी सत्यदेव गंगवार बिना बताए दूसरी जगहो पर रुक जाया करते थे। फिर भी परिवार वालों ने रिश्तेदारी और उनके दोस्तोंं के यहां उनकी तलाश की लेकिन उनका कुछ पता नही चला। मगर बुधवार की सुबह फोन आया तो पता चला कि पिता की मौत हो चुकी है। बुधवार सुबह शाही की वाल्मीकि बस्ती गांधी नगर में शव पड़ा होने की सूचना पर परिवार वाले पहुंचे और शिनाख्त की। बुधवार को शाही पुलिस ने स्वजन को सत्यदेव की मौत की जानकारी दी। सत्यदेव का शव नाले में उल्टा पड़ा हुआ था। पुलिस जांच में जुटी हुई है। सत्यदेव गंगवार के बड़े बेटे विनोद ने अपने पिता की हत्या की आशंका जताई है। पिता की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। शव के पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि शव के हाथ में मोबाइल मिला है। साथ ही उसका बैग भी हाथ में ही था। जिसकी वजह से अनुमान लगाया जा रहा है कि वह शराब के नशे में नाले मे गिरे और डूबने की वजह से उसकी मौत हो गई। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।।
बरेली से कपिल यादव