फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में मंगलवार को बाजार धनतेरस पर गुलजार रहे। जमकर खरीदारी हुई। बीते कई दिनों से बाजारों में धनतेरस और दीपावली के त्योहार को लेकर चहल-पहल है। मंगलवार को धनतेरस के अवसर पर ग्राहकों ने बाजार की तरफ रुख किया तो दुकानों पर चमक बढ़ गई। शुभ मुहूर्त देखकर लोगों ने बर्तन, आभूषण, वाहन और इलेक्ट्रानिक्स के सामानों की जमकर खरीदारी की। इस अवसर पर स्टील के बर्तनों के अलावा पूजन में प्रयोग किए जाने वाले तांबे के बर्तन और क्राकरी की भी खूब बिक्री हुई। इसके साथ ही प्रेशर कुकर, नान स्टिक बर्तन भी काफी बिके। धनतेरस को लेकर व्यापारियों ने पहले से ही तैयारी कर ली थी। शहर व ग्रामीणों के सुबह दस बजे से ही बाजार में खासी गहमा-गहमी नजर आने लगी। शाम तक हाल यह हो गया कि बाजार में पैदल चलना भी मुश्किल था। लोगों ने उत्साह के साथ त्योहार की खरीदारी की। हर किसी ने अपने सामर्थ्य के अनुसार त्योहार का सामान खरीदा। बर्तनों की दुकान पर सबसे अधिक भीड़ दिखी। लोगों ने भोजन की थाली के सेट, गिलास, चम्मच कटोरी, प्रेशर कुकर, नान स्टिक बर्तन आदि खरीदे। क्राकरी की दुकानों पर भी खरीदारों की भीड़ नजर आई। कप प्लेट के सेट के अलावा पानी पीने के कांच के गिलास भी लोगों ने खरीदे। बाजार मे सुबह से देर शाम तक चहल पहल बनी रही। पूरे शहर में दिन भर जाम की स्थिति रही। धनतेरस पर सोने-चांदी के सिक्के खरीदने की परंपरा लंबे समय से चली आ रही है। बड़ी आबादी चांदी के सिक्कों की खरीदारी करती है। बाजार में लक्ष्मी-गणेश बने सिक्के मार्केट में अधिक बिके। धनतेरस का त्योहार बड़ी धूमधाम के साथ मनाया गया। लोगों को लुभाने के लिए दुकानदारों ने खूब मेहनत की है। शहर के रोडवेज पर इलेक्ट्रॉनिक बाजार, सिविल लाइंस व कस्बा फतेहगंज पश्चिमी के मुख्य बाजार इसके साथ ही दुकानों को भी विशेष रूप से सजाया गया था। इलेक्ट्रिक लाइटों के साथ ही फूलों से की गई सजावट देखते ही बन रही है। सर्राफा बाजार, बर्तन बाजार, इलेक्ट्रानिक बाजार, कपड़ा बाजार धनतेरस के त्योहार के एक दिन पहले सोमवार को ही काफी गुलजार नजर आए। सोना-चांदी खूब बिके तो धनतेरस को लेकर पूजा-पाठ की दुकान पर रौनक दिखी। कस्बा व गांव के चौराहों पर भी सजी दुकानों पर भी जबर्दस्त भीड़ थी।।
बरेली से कपिल यादव