फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। नवरात्रि के आठवें दिन भक्तों ने दुर्गा अष्टमी बड़ी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई। शहर के विभिन्न मंदिरों में माता दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का पूरे दिन तांता लगा रहा। मंदिरों में मेले जैसा माहौल था। वहीं घरों में माता का पूजन करने के साथ ही कन्याओं का भोग लगाया गया। नवरात्रि के पावन पर्व पर बुधवार को अष्टमी के दिन व्रती महिलाओं ने अपने घरों में माता महागौरी की पूजा करने के पश्चात कन्याओं को भोजन कराया। उनको चुनरी चढ़ाई और दान दक्षिणा देकर परिवार के सौभाग्य के लिए प्रार्थना की। आस्था और भक्ति के साथ कन्याओं को विदा किया। शहर के चौरासी घंटा मंदिर में माथा टेकने के लिए श्रद्धालु लंबी-लंबी कतारों में लगे रहे। इस दौरान कोविड गाइडलाइन का भी पालन हुआ। सुबह करीब 7.30 बजे अष्टम नवरात्रि की पूजा और भजनों का गुणगान किया गया। इससे पहले सप्तमी की रात करीब नौ बजे जिले में जगह-जगह विशाल पांडाल लगाकर देवी जागरण भी हुए। नवरात्रि में कुछ लोग अष्टमी को कन्याओं को भोजन कराते है तो कुछ लोग नवमी को कन्या पूजन करते है। बुधवार को अष्टमी का दिन था। सुबह 6 बजे से ही घरों में माता रानी महागौरी की पूजा की जाने लगीं। घरों में भजन कीर्तन होने लगे। खीर, चना, पूड़ी, पकवान बनने की खुशबू आने लगी। छोटी-छोटी कन्याएं भी गलियों में कभी इधर तो कभी उधर आ जा रही थी। क्योंकि उनका घरों में कन्या पूजन था। किसी ने 11, किसी ने 21 और किसी ने 51 कन्याओं को भोजन कराकर अपनी सुख समृद्धि को महागौरी से प्रार्थना की। दोपहर तक नवदुर्गा मंदिरों में भी भक्तों ने पूजा अर्चना के साथ-साथ कन्याओं और गरीबों को भी भोजन ग्रहण कराया। वही बड़ी संख्या में व्रत नवमी पर कन्याओं को भोग लगाकर शारदीय नवरात्रि का व्रत पूरा करेंगे। ज्योतिषि की माने तो शारदीय नवरात्रि अष्टमी मंगलवार रात 09 बजकर 47 मिनट से शुरू हो चुका है। यह बुधवार यानि आज रात को 08 बजकर 07 मिनट तक रहेगी। जबकि शारदीय नवरात्रि की नवमी तिथि का पूजन 14 अक्टूबर गुरुवार को किया जाएगा। जो 13 अक्टूबर बुधवार रात्रि 08 बजकर 07 मिनट से होगा और 14 अक्टूबर गुरुवार शाम 06 बजकर 52 मिनट तक रहेगी।।
बरेली से कपिल यादव