बरेली। दलित छात्रा से गैंगरेप के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मुठभेड़ में एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया। उसके पास से पुलिस ने तमंचा बरामद किया है। दोनों आरोपी पुलिस की हिरासत में है। 22 वर्षीय आरोपी विशाल के पैर में गोली लगी है। दूसरा आरोपी अनुज पटेल है। दोनों आरोपी भगवानपुर धीमरी गांव के रहने वाले हैं। घटना में फरार चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की तीन टीमें दबिश दे रहीं हैं। क्राइम ब्रांच को भी फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने में लगाया गया है। पुलिस पकड़े दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। आरोपियों के परिजनों पर भी पुलिस का दबाव बना हुआ है। आपको बता दें कि बड़ा बाईपास से लिंक रोड पर भगवानपुर धीमरी गांव के पास 12वीं की छात्रा से सूखी पड़ी नहर में छह युवकों ने गैंगरेप किया था। युवकों ने चाकू दिखाकर उसे जान से मारने की धमकी दी थी। छात्रा अपने दोस्तों के साथ घूमने गई थी। घटना 31 मई की है। पीड़िता ने घटना की शिकायत शनिवार को परिजनों के साथ पहुंचकर थाने में दी। इस मामले में शनिवार को थाना इज्जतनगर में छह लोगों के खिलाफ गैंगरेप मारपीट जान से मारने की धमकी और एससी एसटी के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था। सीओ श्वेता यादव के नेतृत्व मे रविवार की देर रात तक तीन थानों की पुलिस ने गांव में तलाशी अभियान और कांबिंग की। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि इस दौरान पुलिस मुठभेड़ में विशाल के पैर में गोली लगी है। उसे गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा पुलिस ने एक अन्य आरोपी अनुज पटेल को भी गिरफ्तार किया है। आरोपी नरेश एडवोकेट फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगी हुई है।।
बरेली से कपिल यादव