Breaking News

यूपी में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर जोरों पर चर्चा:मुख्यमंत्री योगी करेंगे गवर्नर से मुलाकात

लखनऊ- उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ मंत्रिमंडल के विस्तार की चर्चा के बीच में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल मध्य प्रदेश से लम्बे दौरे से गुरुवार को लखनऊ लौटी हैं। जिलों के दौरे से लौटने के बाद शाम को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राज्यपाल से मिलेंगे। मुलाकात को मंत्रिमंडल विस्तार की संभावनाओं से जोड़कर देखा जा रहा है।
यूपी के साथ ही मध्य प्रदेश के राज्यपाल का भी दायित्व निभा रहीं आनंदीबेन पटेल 10 म‌ई को यहां से मध्यप्रदेश ग‌ईं थी। 17 दिनों बाद वह गुरुवार सुबह वापस लखन‌ऊ आ गई हैं। दस मई से भोपाल में प्रवास कर रही राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने दिन में 12 बजे राजभवन के अधिकारियों ने भेंट की। राज्यपाल का आज देर शाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मुलाकात का कार्यक्रम है। उन्होंने शाम को सात बजे सीएम योगी आदित्यनाथ को मिलने के लिए भी अपना समय दिया है।
राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव महेश कुमार गुप्ता ने बताया कि राज्यपाल पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मध्य प्रदेश से लखनऊ आई हैं। शाम को राज्यपाल से मिलने मुख्यमंत्री आएंगे। वैसे तो इसे शिष्टाचार भेंट बताया जा रहा है क्योंकि अमुमन महीने में दो बार मुख्यमंत्री, राज्य पाल से मिलते हैं। चूंकि पिछले 17 दिनों से राज्यपाल यहां नहीं थी इसलिए उनके लखनऊ पहुंचते ही मुख्यमंत्री उनसे मिलने जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शाम को बस्ती दौरे से वापस आने के बाद शाम को सात बजे राजभवन जाकर राज्यपाल से भेंट करेंगे। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और राज्यपाल के बीच आज शाम को होने वाली भेंट को मंत्रिमंडल विस्तार की संभावनाओं से जोड़ कर भी देखा जा रहा है।
गौरतलब है पिछले दिनों दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों की बैठक के बाद से योगी मंत्रिमंडल और प्रदेश भाजपा संगठन में फेरबदल की चर्चा जोरों पर है। वायरल चर्चाओं के केंद्र में मोदी के करीबी अरविंद शर्मा हैं। नौकरशाही छोड़ पिछले दिनों भाजपा में शामिल होने के बाद जिस तरह से उन्हें एम‌एलसी बनाया गया उससे यही चर्चा चारों तरफ है कि उन्हें योगी मंत्रिमंडल में डिप्टी सीएम बनाकर अहम जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। इसके साथ ही मंत्रियों के रिक्त छह पदों को भरने के लिए कुछ और फेरबदल संगठन में भी हो सकता है।

– मन्थन चौधरी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *