नवाबगंज, बरेली। थाना नवाबगंज क्षेत्र के एक गांव में बुधवार को प्रेमी से शादी की जिद पर अड़ी एक प्रेमिका प्रेमी के घर पहुंच गयी। प्रेमिका को देखते ही प्रेमी घर से भाग गया। इसी से नाराज प्रेमिका उसके घर के दरवाजे पर धरने पर ही बैठ गई। उसके बाद आपस में दोनों के परिजन भिड़ गए और उनके बीच जमकर लाठी-डंडे चले। जिसमें दोनों पक्षों के दो लोग घायल हो गए। घटना की तहरीर दोनों पक्षों की ओर से थाना नवाबगंज में दी गयी है। आपको बता दें कि थाना नवाबगंज क्षेत्र के गांव रिछोला किफायतुल्ला के एक युवक का गांव में ही रहने वाली एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों ने साथ जीने मरने की कसमें खाई थी। इसकी जानकारी उनके परिजनों को हुई तो उन्होंने दोनो पर पहरे बिठा दिए। इसके बाद भी वह दोनों छुप छुप कर मिलते रहे। बुधवार को प्रेमिका प्रेमी के घर पहुंच कर उससे शादी की जिद पर अड़ गयी। प्रेमी के परिजनों ने उसे घर में देखा तो हड़कम्प मच गया। आनन फानन में प्रेमी घर से फरार हो गया। जिससे नाराज प्रेमिका उसके घर के दरवाजे पर ही धरने पर बैठ गयी। जिससे नाराज प्रेमी के परिजनों ने प्रेमिका के घर पर पहुंचकर हंगामा शुरु कर दिया। जिसके बाद दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए। उनके बीच जमकर लाठी डंडे चले। जिसमें दोनों पक्षों के दो लोग घायल हो गए। घटना की तहरीर दोनों पक्षों की ओर से थाना नवाबगंज में दी गयी है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।।
बरेली से कपिल यादव