बरेली। शिक्षकों की गोपनीय आख्या मांगे जाने के निर्देश पर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने कड़ी नाराजगी जताई है। बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री को संबोधित 20 सूत्रीय ज्ञापन डीएम को सौंपते हुए इस पर रोक लगाने की मांग की। जिलाध्यक्ष सत्यप्रकाश गंगवार के नेतृत्व मे पहुंचे शिक्षकों ने इस निर्देश को पूरी तरह शिक्षक विरोधी करार दिया। सत्यप्रकाश गंगवार ने कहा कि विगत शिक्षकों की वेतन वृद्धि व पदोन्नति के लिए गोपनीय आख्या का यह आदेश पूर्ण रूप से अव्यवहारिक एवं शिक्षकों का शोषण करने वाला है। विभाग ने विद्यालय में कायाकल्प के तहत होने वाले कार्यों के लिए भी अंक तय कर उनका उल्लेख शिक्षकों की गोपनीय आख्या में करने की व्यवस्था की है, जो पूरी तरह नियम विरुद्ध व अनुचित है। कायाकल्प के कार्य स्थानीय प्रधानों व पंचायती राज विभाग के जरिए कराया जाता है। इस काले कानून के विरोध और पुरानी पेंशन पदोन्नति, जनपद के अंदर स्थानांतरण, कैशलेस चिकित्सा, सुविधा, ईएल सुविधा समेत 20 सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा। जिलामंत्री चंद्रपाल, तपन सिंह मौर्य, राजकुमार, सोमपाल, घनश्याम मौर्य, नीरज, फतेहगंज पश्चिमी अध्यक्ष हरीश गंगवार, विथरी से देवेंद्र, नबाबगंज से देवेंद्र, पानसिंह, फरीदपुर से ब्रजेश और जितेंद्र के साथ साथ सभी ब्लॉको से शिक्षक पहुंचे।।
बरेली से कपिल यादव
