विवेक तिवारी हत्याकांड : नगर निगम में OSD बनीं कल्पना तिवारी

लखनऊ- पुलिस की गोली से मौत का शिकार हुए एपल कंपनी के एरिया सेल्स मैनेजर विवेक तिवारी की पत्नी को नगर निगम में सरकारी नौकरी मिल गई। राज्य के उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कल्पना तिवारी को विशेष कार्य अधिकारी (ओएसडी) के पद के लिए नियुक्ति पत्र सौंपा। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद कल्पना तिवारी ने विवेक मर्डर केस पर बड़ा बयान देते हुए कहा कि हत्याकांड की जांच सही दिशा में चल रही है।

जानकारी के अनुसार ओएसडी के पद पर नियुक्ति के बाद कल्पना तिवारी मीडिया से मुखातिब हुईं। उन्होंने कहा कि विवेक हत्याकांड में अब तक हुई जांच से वह संतुष्ट हैं। उन्हें लगता है कि उनके पति के मर्डर केस की जांच सही दिशा में चल रही है। बीते दिनों भी कल्पना तिवारी ने विवेक हत्याकांड में सीबीआई जांच की मांग से इनकार करते हुए कहा था कि वह एसआईटी जांच से संतुष्ट हैं।
इन्होंने कराई ज्वॉइनिंग:-
गुरुवार को स्वर्गीय विवेक तिवारी की तेरहवीं थी। डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा, मेयर संयुक्ता भाटिया और नगर आयुक्त डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने कल्पना तिवारी को नियुक्ति पत्र सौंपा और ज्वॉइनिंग लेटर पर पर हस्ताक्षर भी कराये। नगर निगम ने पहले ही कल्पना तिवारी के शैक्षिक दस्तावेज जमा करा लिये थे। बुधवार शाम को नगर निगम ने ओएसडी पद के लिये कल्पना तिवारी को नियुक्ति पत्र भेजा था।
पुलिस की गोली से हुई थी विवेक की मौत:-
बीते 29 सितंबर को आरोपी कान्स्टेबल प्रशांत चौधरी ने कथित तौर पर अपराधी होने के शक में एपल कंपनी के एरिया सेल्स मैनेजर विवेक तिवारी को गोली मार दी थी। कॉन्स्टेबल का कहना था कि मृतक विवेक अपनी एसयूवी उन पर चढ़ाने की कोशिश की। नतीजन उसे आत्मरक्षा में विवेक पर गोली चलानी पड़ी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *