जयपुर/राजस्थान – शहीदों की शहादत को सलाम करने के लिए आज मंगलवार को प्रदेश के अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर के चार ज़िलों में 700 किमी लंबी ऐतिहासिक मानव शृंखला बनेगी। एक ही घड़ी और कड़ी में राजस्थान शहादत को सलाम करेगा। पहली बार अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर के चार ज़िलों में 5.50 लाख लोग हाथ थाम कर मानव शृंखला बनाएंगे। ‘शहादत को सलाम’ कार्यक्रम में श्रीगंगानगर, बीकानेर, जैसलमेर और बाड़मेर में सुबह 11 बजे शुरू होगा, जो दोपहर में एक बजे पूरे राज्य में एक साथ राष्ट्रगान के साथ समाप्त होगा। बाड़मेर शहर के शहीद स्मारक पर शहीदों को पुष्प चक्र अर्पित कर शहीदों को शहादत देने के कार्यक्रम की शुरुआत होगी।
मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे मंगलवार को मानव शृंखला के ऐतिहासिक क्षण की साक्षी बन स्वागत करेगी। श्रीमती राजे सुबह 10.50 बजे उत्तरलाई एयरफोर्स स्टेशन पर प्लेन से पहुंचेंगी। इसके बाद 11.15 बजे हेलीकॉप्टर से शहादत को सलाम मानव शृंखला रूट का निरीक्षण करेंगी। 11.30 बजे इंजीनियरिंग कॉलेज पर हेलीकॉप्टर रुकेगा, जहां 3डी भारत के मानचित्र, 200 मीटर लंबे तिरंगे को देखेंगी। 12.30 बजे जैसलमेर के हेलीपेड पर उतरेंगी। इसके बाद 1 बजे शहीदों को सलाम कार्यक्रम में भाग लेंगी।
पत्रकार दिनेश लूणिया