नवाबगंज, बरेली। 20 माह मे रकम दोगुनी कर लौटाने का लालच देकर कन्हैया लाल गुलाटी और उसके एजेंटों ने एक ग्रामीण से 12 लाख रुपये ठग लिए। रकम वापस मांगने पर फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने कंपनी के मालिक कन्हैया लाल गुलाटी समेत तीन लोगों पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। भोजीपुरा थाना क्षेत्र के गौंटिया रूपपुर गांव के हरीचंद ने बताया कि 5 अप्रैल 2024 को क्योलड़िया थाना क्षेत्र के मेंथी नबदिया गांव के गोपाल सरन और जगतपाल मौर्य उनके पास आए थे। दोनों ने खुद को कैनविज सेल्स एंड मार्केटिंग कंपनी का एजेंट बताते हुए 20 माह में रकम दोगुनी करने का भरोसा दिया। इसके बाद उन्होंने कंपनी मालिक कन्हैया लाल गुलाटी से उनकी मुलाकात कराई। आरोप है कि कन्हैया लाल गुलाटी के आश्वासन पर उन्होंने कंपनी में 12 लाख जमा कर दिए। इसमें 8 लाख पीएनबी की नवाबगंज शाखा से कंपनी के खाते में ट्रांसफर किए, जबकि चार लाख रुपये गोपाल सरन को नकद दिए थे। जमा की गयी रकम का समय पूरा होने के बाद भी रुपये वापस नही किए।।
बरेली से कपिल यादव
