युवाओं को मिली आईटी पार्क की सौगात, केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने किया उद्घाटन

बरेली। डबल इंजन सरकार में बरेली आईटी हब के रूप में विकसित हो रहा है। सरकार का लक्ष्य देश को तकनीकी रूप से आत्मनिर्भर बनाना और युवाओं को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना है। केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने लगभग 18.25 करोड़ रुपये की लागत से दो एकड़ भूमि पर विकसित आईटी पार्क का उद्घाटन करते हुए यह बातें कही। गुरुवार को केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (एसटीपीआई) के नए केंद्र का सीबीगंज में उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इस केंद्र का शुभारंभ पूरे रुहेलखंड क्षेत्र के युवाओं के लिए एक ऐतिहासिक सौगात है। यूपी में केवल सात एसटीपीआई हैं। हमको इस बात का गर्व है कि इसमें से एक बरेली का है। यह देश का 75वां केंद्र है। यह केंद्र युवाओं को आईटी, स्टार्टअप, इन्क्यूबेशन, नवाचार, अनुसंधान एवं तकनीकी विकास के क्षेत्र में आगे बढ़ने के नए अवसर प्रदान करेगा। अब रुहेलखंड क्षेत्र के युवाओं को आईटी और तकनीकी क्षेत्र में अपना भविष्य बनाने के लिए बड़े शहरों का रुख करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। एसटीपीआई के माध्यम से युवाओं को निःशुल्क तकनीकी सुविधाएं, कौशल विकास और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जायेंगे। उन्होंने उद्यमियों से एसटीपीआई केंद्र की सफलता को सहयोग की अपील की। कहा कि जैसे-जैसे इस केंद्र की गतिविधियों और कार्यक्षमता का विस्तार होगा, वैसे-वैसे भविष्य में अतिरिक्त भवन एवं तकनीकी सुविधाएं विकसित की जायेंगी। अरुण जी, फ्री ऑफ कास्ट दिलवाएं सुविधा : अपने भाषण के दौरान केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने कई बार वन मंत्री को याद किया। उन्होंने कहा कि मंत्री जी आप यह सुनिश्चित कराइएगा कि हमारे युवाओं को फ्री ऑफ़ कॉस्ट और कम से कम लागत में यहां काम करने की सुविधा मिले। मैं नहीं चाहता कि हमारे युवाओ पर कोई बोझ पड़े। जेन जेड आंदोलन के बाद भाजपा युवा पीढ़ी को साधने में जुटी हुई है। गुरुवार के कार्यक्रम में भी युवाओं पर फोकस रहा। जितिन प्रसाद ने अपने भाषण के दौरान साफ कहा कि युवा केंद्र और प्रदेश सरकार की खास प्राथमिकता में हैं। उन्होंने छात्रों के अलग-अलग समूहों के बीच में जाकर फोटो क्लिक कराई। सेल्फी पॉइंट पर भी उन्होंने छात्रों के साथ सेल्फी ली। कार्यक्रम के दौरान वन मंत्री डॉ अरुण कुमार, सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, राज्यसभा सांसद श्रुति गंगवार, मेयर डॉ उमेश गौतम, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, एमएलसी बहोरन लाल मौर्य, विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा,संजीव अग्रवाल, डॉ डीसी वर्मा, एसटीपीआई के महानिदेशक अरविंद कुमार सिंह आदि भी उपस्थित रहे।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *