माधोबाड़ी मे जुगाड़ ठेले की चपेट मे आकर बच्ची की मौत

बरेली। घर के बाहर खेल रही ढाई साल की बच्ची को एक ओवरलोड जुगाड़ ठेले ने कुचल दिया। दाल के कट्टों से लदा ठेला अचानक अनियंत्रित हुआ और बच्ची को टक्कर मारते हुए उसका पहिया पेट के ऊपर से गुजर गया। हादसे में शिवांशी की मौके पर ही मौत हो गई। गुस्साए लोगों ने चालक और ठेले को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। बारादरी के नई बस्ती माधोबाड़ी निवासी राजकुमार की ढाई वर्षीय बेटी शिवांशी उर्फ लाड़ो गुरुवार शाम करीब साढ़े चार बजे घर के पास खेल रही थी। इसी दौरान दाल के कट्टों से लदा जुगाड़ ठेला वहां से गुजर रहा था। अचानक ठेला अनियंत्रित हो गया। ठेले की टक्कर से शिवांशी जमीन पर गिर गई और पहिया उसके पेट के ऊपर से निकल गया। गंभीर हालत में परिजन और आसपास के लोग उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद मोहल्ले के लोगों ने चालक को पकड़ लिया और पुलिस बुलाकर उसे सौंप दिया। दस साल की मन्नतों के बाद आई थी लाड़ो : शिवांशी की मौत से मां राधिका का रो-रोकर बुरा हाल है। वह बेटी को याद कर बार-बार बेसुध हो रही हैं। परिजनों के मुताबिक, करीब दस साल तक मन्नतें मांगने के बाद शिवांशी का जन्म हुआ था। परिवार में चार महीने का बेटा भी है। पिता राजकुमार कारीगरी का काम करते हैं। बेटी की मौत ने परिवार की खुशियां पलभर में छीन लीं। घर में जहां लाड़ो की किलकारियां गूंजती थीं, वहां अब मातम पसरा है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *