2100 दीपों से जगमगाया रामगंगा घाट, महाआरती के बाद मनाई देव दीपावली

बरेली। चौबारी स्थित रामगंगा घाट पर मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा एवं देव दीपावली के अवसर पर अखिल भारत हिंदू महासभा की ओर से भव्य महाआरती, दीपदान और देव दीपावली महोत्सव का आयोजन किया गया। धार्मिक उल्लास और श्रद्धा के बीच आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। शुभारंभ गंगा मैया की महाआरती के साथ हुआ। श्रद्धालुओं ने दीप लेकर आरती की और हर-हर गंगे व जय श्रीराम के जयकारे लगाए। पूरा घाट भक्तिमय माहौल में सराबोर नजर आया। आरती के दौरान श्रद्धालुओं ने मां गंगा के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। महाआरती के बाद 2100 दीपों का सामूहिक दीपदान किया गया। एक साथ दीप प्रज्ज्वलित होने से रामगंगा घाट रोशनी से जगमगा उठा। घाट पर सजे दीपों और जल में उनकी झिलमिलाती रोशनी ने आकर्षक दृश्य प्रस्तुत किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने दीपदान कर सुख-समृद्धि और लोककल्याण की कामना की। दीपदान के बाद देव दीपावली का उत्सव धूमधाम से मनाया गया। रात्रि में हुई रंग-बिरंगी आतिशबाजी से आसमान रोशन हो उठा। घाट पर दीपों की जगमगाहट और आसमान में आतिशबाजी का नजारा देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने उत्सव का आनंद लिया। मंडल अध्यक्ष पंकज पाठक ने कहा कि देव दीपावली सनातन संस्कृति और परंपराओं का गौरवपूर्ण पर्व है। गौ सेवा, गंगा सेवा और सनातन एकता के लिए सभी को मिलकर ऐसे धार्मिक आयोजन करने चाहिए। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल श्रद्धालुओं, कार्यकर्ताओं और सहयोगियों का आभार जताया।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *