साप्ताहिक समीक्षा बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर ने दिए प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश

* पेयजल आपूर्ति, संपर्क पोर्टल और बजट घोषणाओं की समीक्षा : भुवनेश्वर सिंह चौहान

राजस्थान/बाड़मेर – जिला कलेक्टर सुशील कुमार यादव के दिशा निर्देशानुसार अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में पेयजल आपूर्ति, राजस्थान संपर्क पोर्टल पर लंबित परिवादों, बजट घोषणाओं की प्रगति तथा जिले में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को लेकर विभागवार समीक्षा की गई। अतिरिक्त जिला कलक्टर ने अधिकारियों को आमजन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने और योजनाओं को प्रभावी रूप से धरातल पर उतारने के निर्देश दिए।

अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान ने जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग को आमजन के लिए पर्याप्त एवं नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में पेयजल की उपलब्धता बनाए रखने के लिए विभाग आवश्यक कार्यवाही करते हुए जलापूर्ति व्यवस्था की सतत निगरानी करे, ताकि लोगों को पानी के लिए परेशान नहीं होना पड़े। उन्होंने विशेष रूप से टैंकरों के माध्यम से की जा रही जलापूर्ति में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न करने वाले लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ऐसी गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाने की कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही चिकित्सालयों, विद्यालयों एवं आवासीय छात्रावासों में पर्याप्त पानी उपलब्ध रहे, इसके लिए विशेष ध्यान देने और जरूरत के अनुसार व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में राजस्थान संपर्क पोर्टल की प्रगति की समीक्षा करते हुए अतिरिक्त जिला कलक्टर ने अधिकारियों को प्राप्त परिवादों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केवल परिवाद निस्तारण की औपचारिकता पूरी करने के बजाय परिवादी की समस्या का वास्तविक समाधान किया जाए, जिससे आमजन का संतुष्टि स्तर बढ़े और प्रशासन के प्रति विश्वास मजबूत हो। उन्होंने लंबित प्रकरणों पर विशेष ध्यान देने, नियमित मॉनिटरिंग करने तथा परिवाद निस्तारण में प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।

अतिरिक्त जिला कलक्टर ने बजट घोषणाओं की विभागवार समीक्षा करते हुए कृषि विभाग को बजट घोषणा वर्ष 2024-25 के तहत बालोतरा जिले में निजी क्षेत्र के सहयोग से अनार प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने की दिशा में प्रयास तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में अनार उत्पादन एवं कृषि आधारित गतिविधियों को देखते हुए प्रसंस्करण इकाई की स्थापना से किसानों को लाभ पहुंचाने की संभावनाओं पर काम किया जाए। इसके लिए इच्छुक उद्योगपतियों एवं निवेशकों से समन्वय स्थापित कर प्रस्ताव को गति प्रदान करें तथा आवश्यक कार्यवाही आगे बढ़ाएं। बैठक में नगर परिषद को जिला स्तर एवं नगर निकायों में वाई-फाई सुविधा उपलब्ध करवाने की दिशा में आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।

अतिरिक्त जिला कलक्टर ने कहा कि सार्वजनिक एवं प्रशासनिक क्षेत्रों में डिजिटल सुविधाओं का विस्तार करने के लिए संबंधित विभाग समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने विभिन्न विभागों की राज्य स्तर पर लंबित बजट घोषणाओं की भी समीक्षा की तथा अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसी घोषणाओं के क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं एवं लंबित मामलों को लेकर उच्च स्तर पर प्रभावी विभागीय पत्राचार करें। नियमित फॉलोअप करते हुए बजट घोषणाओं को धरातल पर उतारने के लिए गंभीरता से प्रयास किए जाएं।

बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर ने सभी अधिकारियों को विभागीय कार्यों में जवाबदेही, आपसी समन्वय एवं समयबद्धता बनाए रखते हुए आमजन को राहत देने वाले कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी धनसिंह महेचा, नगर परिषद आयुक्त आशुतोष आचार्य, जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता बाबूलाल मीणा, जोधपुर विद्युत वितरण निगम के अधीक्षण अभियंता लतीश, पशुपालन विभाग के उप निदेशक पन्नालाल, प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ कमलेश, जिला परिवहन अधिकारी भगवान गहलोत समेत सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

— राजस्थान से राजूचारण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *