बरेली। परीक्षा फार्म भरने मे विद्यार्थियों को दिक्कतें आ रही हैं। इसको लेकर शनिवार को बरेली कॉलेज में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) का गुस्सा फूट पड़ा। इकाई ने प्राचार्य कार्यालय में जमकर हंगामा किया। प्राचार्य प्रो. ओपी राय के नहीं मिलने पर छात्र नेताओं का पारा चढ़ गया। उनकी कुर्सी पर प्राचार्य लापता का पोस्टर चस्पा कर दिया। कुर्सी घसीटकर कार्यालय के बाहर रख दी। इस दौरान कार्यालय कर्मचारियों से छात्र नेताओं की नोकझोंक भी हुई। दरअसल, तमाम ऐसे विद्यार्थी हैं, तकनीकि गड़बड़ियों के कारण जिनके नामांकन जेनरेट नहीं हुए हैं। रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने सीट लॉक की सहूलियत के लिए दो दिन तक पोर्टल खोला था। बावजूद इसके अब तक काफी विद्यार्थियों का नामांकन संख्या जेनरेट नहीं हुई है। जिससे वह अपने परीक्षा फॉर्म नहीं भर पा रहे। शनिवार को एबीवीपी पदाधिकारी व अन्य छात्र नेता कॉलेज प्राचार्य के कार्यालय पहुंचे थे, मगर प्रो. ओपी राय मौजूद नहीं थे। उप प्राचार्य प्रो. वंदना शर्मा और चीफ प्रॉक्टर इंदीवर सिंह भी कॉलेज में मौजूद नहीं थे। छात्र नेताओं ने अपना विरोध दर्ज कराने के लिए प्राचार्य की कुर्सी पर लापता प्राचार्य का पोस्टर लगा दिया। अन्य दो कुर्सियों पर लापता उप प्राचार्य एवं लापता चीफ प्रॉक्टर का पोस्टर चस्पा कर दिया गया। प्रॉक्टर बोर्ड के सदस्य डॉ. नीरज पाल मलिक ने परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि बढ़वाने का भरोसा दिया। उप प्राचार्य प्रो. वंदना शर्मा की भी छात्र नेताओं से फोन पर बात हुई। कॉलेज इकाई अध्यक्ष सत्यम गुर्जर ने संबंधित विद्यार्थियों को नामांकन संख्या उपलब्ध कराने और परीक्षा फार्म भरने की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग की। इस दौरान महानगर सहमंत्री कुनाल मिश्रा, इकाई मंत्री सलोनी यादव, नितिन मिश्रा, हर्ष राजपूत, लक्की शर्मा, अंश गंगवार, अंकिता, विनोद आदि मौजूद रहे।।
— बरेली से कपिल यादव
