अल्ट्रासाउंड सेंटर संचालक ने फंदे पर लटक कर दी जान

सीबीगंज, बरेली। सीबीगंज क्षेत्र मे पत्नी से मोबाइल पर हुई कहासुनी के बाद अल्ट्रासाउंड सेंटर संचालक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटना खलीलपुर रोड स्थित गली नंबर दो की है। यहां के ललित कुमार पाल (42) पुत्र ओमप्रकाश ने कमरे में पंखे के कुंडे से फंदा लगाकर जान दे दी। मृतक के भाई मोहन कुमार उर्फ अन्नू ने बताया कि ललित दो भाई और एक बहन गौरी में सबसे बड़े थे। उनकी शादी 6 साल पहले कीर्ति से हुई थी। उनका 5 साल का बेटा वरुण है। पति-पत्नी के बीच अक्सर किसी न किसी बात को लेकर कहासुनी होती रहती थी। पत्नी पिछले चार साल से बेटे के साथ जयपुर में रहकर ब्यूटी पार्लर चलाती है। कभी-कभी बरेली आती-जाती थी। ललित सहारनपुर में एक परिचित डॉक्टर के अल्ट्रासाउंड सेंटर की देखरेख करते थे। सात दिन पहले ही घर आए थे। भाई ने बताया कि पिता बहन के घर रहते हैं और मां की दो साल पहले मौत हो चुकी है। वह खुद लेबर कॉलोनी में अलग मकान में रहते है। शनिवार सुबह करीब साढ़े सात बजे पड़ोस में रहने वाली चाची ने सूचना दी कि ललित ने फांसी लगा ली है। युवक की सुसाइड की सूचना मिलते ही सीओ द्वितीय नितिन कुमार, थाना प्रभारी विनोद सिंह फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मामले में पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा।।

— बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *