एक किलो अफीम व नकदी सहित दो तस्कर गिरफ्तार

सिरौली, बरेली। पुलिस ने रामपुर की सीमा पर बाइक सवार दो तस्करों से एक किलो 45 ग्राम अफीम और 3.45 लाख रुपये बरामद किए हैं। पकड़े गए तस्करों में एक युवक झारखंड का रहने वाला है। पुलिस ने बाइक सीज कर तस्करों को जेल भेज दिया। शुक्रवार रात उपनिरीक्षक श्रीपाल सिंह टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे। तभी टांडा की ओर से अपाचे बाइक पर दो लोग आए, जो पुलिस को देखकर वापस भागने लगे, जल्दबाजी में बाइक बंद हो गई और फिसलकर गिर गई, तभी पुलिस ने दोनों को दबोच लिया। तलाशी में उनके पैरों में रस्सी से बंधी एक किलो 45 ग्राम अफीम बरामद हुई तथा बाइक में छिपाकर रखे गए 3.45 लाख रुपये तथा तीन मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। पूछताछ में एक ने अपना नाम धर्मेंद्र निवासी धौरेला थाना सिरौली तथा दूसरे ने अरविंद यादव निवासी पथेल राजपुर चतरा, झारखंड बताया है। पूछताछ में अरविंद ने बताया कि वह यूपी, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा आदि में झारखंड से अफीम ले जाकर बेचते हैं। पुलिस ने बाइक को सीज कर दिया तथा दोनों तस्करों को जेल भेज दिया। गौरतलब है कि दो दिन पहले भी गांव आलमपुर कोट में हेरोइन बनाने की फैक्ट्री पकड़ी गई थी।

— बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *