शीशगढ़, बरेली। आरोपी पक्ष की जाति की लड़की से शादी करने की रंजिश में गोकुलपुर गांव में किशोर की हत्या की गई थी। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करके जेल भेजा दिया है। वही पुलिस की निगरानी में शव का अंतिम संस्कार कराकर गांव में फोर्स तैनात की गई है। बता दें कि शीशगढ़ के गांव गोकुलपुर में सोमवार रात सुरेंद्र जाटव के बेटे का जन्मदिन था। सुरेंद्र के परिवार में कोरी जाति की एक युवती की शादी हुई है। उनका आरोप है कि इसी रंजिश के चलते सोमवार रात गांव का ही विशाल उर्फ नितिन कोरी और उसका चाचा शेरा उनके समारोह में पहुंचे। उनके छोटे भाई 17 वर्षीय अर्जुन से कहा कि तुम लोगों ने मेरी जाति की लड़की अपने घर में रख रखी है। आज हिसाब बराबर किया जाएगा। इस पर शेरा के कहने पर विशाल उर्फ नितिन ने उनके भाई अर्जुन की गर्दन पर चाकू से प्रहार करके हत्या कर दी। मुख्य आरोपी विशाल को पुलिस ने सोमवार रात ही गिरफ्तार कर लिया था, जिसे पूछताछ के बाद मंगलवार को जेल भेज दिया गया। वहीं, अर्जुन का शव दोपहर बाद पोस्टमार्टम होकर गांव पहुंचा तो पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच अंतिम संस्कार कराया गया। इंस्पेक्टर वीरेंद्र पाल ने बताया कि दूसरे आरोपी की भी तलाश की जा रही है।।
— बरेली से कपिल यादव
