आंवला, बरेली। बंदायू रोड पर सड़क किनारे बैठे दो गोवंशों की कार से पशु तस्करों ने शिकार बनाकर हत्या कर दी, सूचना पर पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम असलहे और पशु हत्या में प्रयुक्त औजार बरामद करने के लिए तस्करों को लेकर गई, तो तस्करों ने पुलिस पर फायर झोंक दिया। इसमें दो पुलिस कर्मी घायल हो गए। जवाबी फायरिंग में दोनों तस्करों के पैरों में गोली लगी है। पुलिस ने पशु हत्या के औजार और दो तंमचे, कारतूस, कार बरामद की है। आंवला-बदायूं रोड पर गश्त कर रही पुलिस ने सिकरोड़ा के जंगल में गुरुवार की रात में सड़क किनारे एक कार खड़ी देखी। शक होने पर आज पास देखा तो कुछ लोग गोवंश की हत्या करते दिखे। पुलिस को मौके पर एक गोवंश कटा मिला, जबकि कुछ दूरी पर जमीन पर खून पड़ा मिला। पुलिस तस्करों को लेकर पशु वध के औजार और हथियार बरामद कराने के लिए जंगल में ले गई। वहां झाड़ियों में असलहे रखे थे। उन्होंने अचानक पुलिस पर तमंचों से फायर झोंक दिए, जिसमें मुख्य आरक्षी संदीप कुमार और उप-निरीक्षक सुमित कुमार घायल हो गए। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, इसमें हैदर अली के बाएं पैर और शाहरुख के दाहिने पैर में गोली लगी और दोनों वहीं गिर पड़े। पुलिस ने दोनों को तुरंत हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा। कोतवाल बीनू सिंह ने बताया कि यह तस्कर सड़क किनारे घूमने वाले आवारा गोवंश की पहले रेकी करते हैं, बाद में मौका पाकर रात में उनका वधकर मांस गाड़ी में भरकर ले जाते हैं।।
बरेली से कपिल यादव
