ओवरब्रिज निर्माणकार्य शुरू भिटौरा-शाही रोड छह माह बंद

फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। फतेहगंज पश्चिमी कस्बा में भिटौरा रेलवे क्रॉसिंग पर सेतु निगम ने ओवरब्रिज का निर्माण शुरू कर दिया है। पुल निर्माण के लिए निर्माण एजेंसी ने भिटौरा बहेड़ी रोड छह माह के लिए बंद कर दिया है। ओवरब्रिज का निर्माण 66 करोड़ की लागत से होगा। क्रासिंग के ऊपर निर्माण कार्य रेलवे करेगा। मीरगंज तहसील के फतेहगंज पश्चिमी कस्बा में भिटौरा में बीएसएफ कैंपस के पास की क्रासिंग पर प्रदेश सरकार एवं रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण करा रही है। ओवरब्रिज करीब 654 मीटर लंबा बनेगा। इसमें क्रासिंग के ऊपर 37 मीटर के हिस्से में निर्माण रेलवे द्वारा कराया जाएगा। क्रासिंग के दानों ओर निर्माण कार्य सेतु निगम कराएगा। क्रासिंग वाला रोड कस्बा शाही, शेरगढ़ और बहेड़ी को जोड़ता है। इसी रोड से लोग अगरास आमौर होकर भोजीपुरा जाते हैं। क्रॉसिंग बंद होने से क्रासिंग पर जाम लगता है। क्रासिंग बंद होने से शाही, शीशगढ़, शेरगढ़ व बहेड़ी से आने वाले वाहन एएनएन होकर हाईवे पर निकलेंगे। इससे उन्हें अतिरिक्त दूरी तय करनी होगी। क्रासिंग के पास के कुरतरा, अगरास, लालकुंआ, खरसैनी, बकैनिया सहित करीब 50 गांवों के लोग एएनए रोड होकर या फिर कुरतरा भट्टे से होकर गांव के तंग रास्तों से फतेहगंज पश्चिमी की तरफ जा रहे हैं। इस वजह से वाहन चालकों को करीब छह किमी दूरी अधिक तय करनी पड़ रही है। भिटौरा स्टेशन से प्रतिदिन करीब तीन सौ लोग कारोबार के लिए रोज दूसरे शहरों की यात्रा करते है। ओवरब्रिज निर्माण वाले हिस्से में करीब 60 पेड़ हैं। इन पेड़ों को काटा जाएगा। रेंजर संतोष मठपाल ने बताया कि सर्वे कर पेड़ों को चिह्नित कर वन निगम को रिपोर्ट भेजी जा चुकी है। पेड़ काटने का काम निगम करता है। नजदीक में बीएसएफ कैंपस होने और स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए रेलवे क्रासिंग पर अंडरपास बनेगा। अंडर पास बनने के साथ ही ब्रिज के दोनों ओर 5.5 मीटर चौड़ी सर्विस रोड भी बनाई जाएगी।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *