देवरनियां, बरेली। गृहक्लेश से परेशान बरेली के 31 वर्षीय युवक ने मंगलवार दोपहर देवरनियां थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर लेटकर जान देने की कोशिश की। युवक ट्रैक पर लेटा था और बरेली -लालकुआं ट्रेन उसके नजदीक पहुंच रही थी। इसी दौरान मौके पर मौजूद कांस्टेबल आकाश की नजर उस पर पड़ गई। सिपाही ने दौड़कर युवक को ट्रैक से हटाया और उसकी जान बचा ली। घटना देवरनियां के कनमन के पास की है। बरेली महानगर कॉलोनी निवासी अमरेश के ट्रैक पर लेटने की जानकारी उसकी बहन अनिष्का पटेल ने रेलवे कंट्रोल रूम को दी। सूचना मिलते ही जीआरपी सक्रिय हुई। बुखारा, बरेली निवासी अमरेश का साला राजकुमार भी देवरनियां पहुंच गया। जीआरपी सिटी एसओ अमित शर्मा ने देवरनियां कोतवाली पहुंचकर युवक से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार अमरेश की शादी करीब पांच वर्ष पहले बुखारा निवासी वीरेंद्र सिंह की बेटी हिना पटेल से हुई थी। उसकी एक बच्ची भी है। प्रारंभिक पूछताछ में गृहक्लेश के कारण युवक के आत्मघाती कदम उठाने की बात सामने आई है। पूछताछ के बाद जीआरपी की मौजूदगी में पुलिस ने युवक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। परिजन भी उसे आत्मघाती कदम नहीं उठाने को समझाते रहे।।
बरेली से कपिल यादव
