समाधान दिवस में पहुंचे कमिश्नर, तहसील का किया निरीक्षण, फरियादियों की सुनी समस्याएं

फरीदपुर, बरेली। जनपद की फरीदपुर तहसील में शनिवार को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संतोष कुमार सिंह की अध्यक्षता में ‘सम्पूर्ण समाधान दिवस’ का आयोजन किया गया। इस दौरान फरियादियों ने कुल 69 शिकायतें दर्ज कराईं, जिनमें से नौ शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को समयबद्ध व पारदर्शी ढंग से हल करने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को सौंपा गया। समाधान दिवस के दौरान कमिश्नर शंभू कुमार अचानक तहसील परिसर पहुंचे। उन्होंने कुछ समय बैठकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। इसके बाद कमिश्नर ने तहसील परिसर का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने एसडीएम कोर्ट और तहसीलदार कोर्ट की न्यायिक पत्रावलियों की जांच की। तहसीलदार कोर्ट की पत्रावलियों के संबंध में जब कमिश्नर ने पेशकार से सवाल पूछे, तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इस पर कमिश्नर ने कड़ी नाराजगी जताई। हालांकि, पेशकार की नई तैनाती होने की बात सामने आने पर कमिश्नर ने उसे कार्यप्रणाली में तत्काल सुधार लाने की सख्त हिदायत दी। निरीक्षण के बाद उन्होंने तहसील परिसर में पौधरोपण भी किया। समाधान दिवस के दौरान क्षेत्र के ग्राम प्रधानों एवं प्रशासकों ने एकजुट होकर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार, ग्राम पंचायत करतौली, बेहरा, नगरिया कला, हरेला, पचौमी, ढंडूली और केसरपुर में सैलाब (बाढ़) तथा अत्यधिक बरसात के कारण हरा चारा उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। इस कारण वे गौशाला संचालन में असमर्थ हैं। ग्राम प्रधानों ने मांग की है कि इन गौशालाओं का संचालन किसी एनजीओ या अन्य कार्यदायी संस्था के सुपुर्द किया जाए। ज्ञापन सौंपने वालों में ओमवीर गुर्जर रविंद्र, सिंह यादव, समेत तमाम प्रधान मौजूद रहे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *