आंवला, बरेली। जनपद के आंवला रोड पर कादरी धर्मकांटा के पास बुधवार शाम ट्रक की टक्कर से बाइक सवार नवविवाहिता की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे मे बाइक चला रहा उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक और उसके चालक को हिरासत मे ले लिया। पांच माह पहले ही महिला की शादी हुई थी। घारमपुर निवासी धर्मेंद्र अपनी पत्नी पूजा के साथ ननिहाल में घायल मामी को देखने आंवला हाजीपुर जा रहे थे। इसी दौरान कादरी धर्मकांटा के पास उनकी बाइक की ट्रक से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर पीछे बैठी पूजा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि धर्मेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायल धर्मेंद्र को रामनगर सीएचसी भेजा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बरेली रेफर कर दिया। परिजनों के मुताबिक धर्मेंद्र की शादी पूजा से सात मई को हुई थी। पूजा की शादी सिरौली क्षेत्र के धौरेला गांव से हुई थी। शादी के महज चार माह बाद हुए हादसे से परिवार में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए।।
बरेली से कपिल यादव
