नवाबगंज, बरेली। जनपद के थाना नवाबगंज पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के वांछित आरोपी विमलेश कुमार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। यह मुठभेड़ बुधवार रात ग्रेम डैम के पास हुई। विमलेश कुमार (27 वर्ष) पर 10 अगस्त को नवाबगंज थाने में मामला दर्ज किया गया था। उस पर दुष्कर्म और पॉक्सो अधिनियम के तहत आरोप हैं। पुलिस टीम उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही थी। बुधवार रात मुखबिर से सूचना मिली कि विमलेश ग्रेम डैम के पास मौजूद है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे घेरने का प्रयास किया। आरोपी ने पुलिस पर गोली चला दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिससे विमलेश के पैर में गोली लगी। उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। गिरफ्तार आरोपी के पास से एक तमंचा 315 बोर बरामद हुआ है। इसके साथ ही दो कारतूस भी मिले हैं। पुलिस ने उसके पास से 450 रुपये भी बरामद किए हैं। विमलेश कुमार ग्राम पंडरी, थाना नवाबगंज का निवासी है।।
बरेली से कपिल यादव
