बिशारतगंज, बरेली। जनपद के थाना बिशारतगंज पुलिस ने शनिवार को छिनैती की एक घटना का खुलासा किया है। गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों से दो मोबाइल और एक बाइक बरामद हुई है। पिछले दिनों गांव पराबहाउद्दीनपुर के पास रात के समय बाइक सवार दंपती से तीन अज्ञात व्यक्तियों ने पर्स छीनकर भाग गए थे। पर्स में दो मोबाइल फोन, एक हाथ घड़ी एवं करीब 5,000 रुपये नकद थे। घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। वाहनों की जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि तीनों व्यक्ति किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में मधुसूदन फैक्ट्री के पीछे स्थित एक खाली मकान में एकत्र हुए है। पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से दो मोबाइल फोन, एक हाथ घड़ी एवं 750 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद हुई है। पकड़े गए अभियुक्तों में अभ्युदय तथा रोहित उर्फ मोहित अतरछेड़ी, वैभवपाल मिर्जापुर शामिल हैं। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार चतुर्वेदी, उपनिरीक्षक राजीव कुमार, वीर सिंह, हेड कांस्टेबल मोहित शर्मा, कांस्टेबल धर्मेंद्र सिंह, प्रेमपाल, कृष्णपाल शामिल रहे।।
बरेली से कपिल यादव
