बरेली। थल सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ मंगलवार को दौरे पर बरेली कैंट पहुंचे हैं। सैन्य क्षेत्र में अफसरों के साथ मुलाकात की खबर है। जानकारी मिलते ही पुलिस और लोकल इंटेलीजेंस सतर्क हो गई हैं और कैंट क्षेत्र की सुरक्षा बढ़ा दी है। बियावानी कोठी और गांधी उद्यान से कैंट की ओर जाने वाले रोड पर ट्रैफिक डाइवर्जन लागू किया गया है। अफसरों के अनुसार, थल सेना प्रमुख दोपहर में बरेली एयरफोर्स स्टेशन पहुंचे और वहां से काफिला सड़क मार्ग से कैंट एरिया को कूच कर गया। इसे देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने ऑफिसर्स मेस की ओर भी नो-एंट्री लागू की है। अक्षर विहार से नटराज सिनेमा की ओर जाने वाला ट्रैफिक मोड़ा गया है। सदर बाजार जाने वाले वाहनों को वीरांगना चौक होकर जाने कहा गया है। रात 11 बजे तक यह व्यवस्था प्रभावी रही। बुधवार सुबह पांच बजे से दोपहर तीन बजे तक भी डायवर्जन लागू रहेगा। एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान ने बताया कि थल सेना प्रमुख के दौरे को देखते हुए सुरक्षा कारणों से कैंट क्षेत्र में जाने सड़कों के पांच प्वाइंट पर बैरिकेडिंग की गई है।।
बरेली से कपिल यादव
