कांवड़ यात्रा शुरू, सड़क मरम्मत की खुली पोल

बरेली। कांवड़ यात्रा से पहले सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए कराई गई मरम्मत की गुणवत्ता पर बारिश ने सवाल खड़े कर दिए हैं। हाल में मरम्मत किए गए कई मार्गों पर बारिश के बाद बजरी उखड़ गई और जगह-जगह सड़क दोबारा टूटती नजर आई। गड्ढों में पानी भरने से राहगीरों को कीचड़ और जलभराव के बीच से गुजरना पड़ रहा है। बदायूं रोड, सिविल लाइंस और नाथ मंदिर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर सड़क मरम्मत का काम कराया गया था। रविवार को हुई बारिश के बाद कई स्थानों पर मरम्मत की परत उखड़ने से सड़क की पुरानी स्थिति दिखाई देने लगी। जहां सड़क पर गड्ढे थे, वहां दोबारा पानी भर गया। इससे दोपहिया वाहन चालकों के साथ पैदल राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कांवड़ यात्रा के दौरान बढ़ सकती है परेशानी: नाथ मंदिर की ओर कांवड़ लेकर शिवभक्तों की बड़ी संख्या में आवाजाही होती है। ऐसे में यात्रा से ठीक पहले सड़कों की हालत खराब होने से व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। जलभराव और कीचड़ के कारण कांवड़ियों के साथ स्थानीय लोगों को भी दिक्कत होने की आशंका है। बारिश ने सामने ला दी मरम्मत की हकीकत: स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की मरम्मत के कुछ समय बाद ही बारिश होने पर बजरी उखड़ने लगी।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *