महिला कांवड़ियों की मदद को बनाए 49 मिशन शक्ति केंद्र

बरेली। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और शांतिपूर्ण बनाने के लिए रेंज पुलिस ने महिला कांवड़ियों की सुरक्षा के मद्देनजर विशेष पहल की है। डीआईजी अजय साहनी के निर्देशन में रेंज के चारों जिलों में 82 मिशन शक्ति केंद्र बनवाए जा रहे हैं, जिनमें से 49 केंद्र स्थापित हो चुके है। डीआईजी अजय साहनी ने बताया कि बरेली रेंज में कुल 82 मिशन सहायता केंद्र प्रस्तावित हैं। इनमें बरेली में 29 में से 20, बदायूं में 21 में से नौ, शाहजहांपुर में 23 में से 12 और पीलीभीत में नौ में से आठ केंद्र स्थापित किए जा चुके हैं। इन मिशन शक्ति केंद्रों के माध्यम से महिला कांवड़ियों को सुरक्षा, सहायता और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। केंद्रों पर महिला संबंधी शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया जाएगा। खोई हुई महिलाओं और बच्चों को परिजन से मिलाने, हेल्पलाइन नंबर 112, 1090 और 181 की जानकारी देने तथा छेड़छाड़, अभद्रता और उत्पीड़न की घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई की व्यवस्था की गई है। महिला पुलिसकर्मी संवेदनशील स्थानों पर लगातार गश्त और निगरानी करेंगी। इसके साथ ही श्रद्धालुओं को साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी और सोशल मीडिया से जुड़े अपराधों के प्रति भी जागरूक किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर चिकित्सा सहायता, विश्राम स्थल और अन्य जरूरी सेवाओं तक पहुंचाने में भी सहयोग मिलेगा।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *