ढाई सौ रूपयें धान रोपाई की मजदूरी को लेकर झगड़ा, एक की मौत

आंवला, बरेली। जनपद के थाना आंवला क्षेत्र के गांव करूआताल में धान रोपाई की ढाई सौ रुपये मजदूरी देने को लेकर हुए झगड़े में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण सिर में गहरी चोट लगना पाया गया है। पुलिस ने हत्या में चार भाइयों को नामजद किया है। कोतवाल बीनू सिंह ने बताया कि करूआताल में धर्मेन्द्र तथा प्रतिवादी यादराम, भगवानदास, मोकम पाल, भानु प्रताप ने एक किसान के 40 बीघा खेत में धान रोपाई का ठेका लिया था। उनके साथ छुट्टन नाम का एक मजदूर भी था। धान रोपाई के रुपये मिलने पर मजदूरी का बंटबारा हो रहा था। शुक्रवार शाम आठ बजे धर्मेन्द्र का कहना रहा कि छुट्टन रोपाई करना ठीक से नही जानता है, इसलिए उसे 250 रुपये प्रतिदिन की मजदूरी दी जाये, जबकि प्रतिवादियों का कहना था कि सभी को बराबर की पांच-पांच सौ रुपये की मजदूरी मिलनी चाहिए, छुट्टन को भी पांच सौ रुपये प्रतिदिन की मजदूरी दी जायेगी। इसे लेकर उनमें झगड़ा शुरू हो गया, मारपीट होने पर धर्मेन्द्र का पिता पूरनलाल भी बीच बचाव को पहुंच गया। आरोप है कि विपक्षियों ने पूरनलाल के सिर पर डंडे से प्रहार किया तथा लाठी, ईंट, लात घूंसे से पीटा। इससे सिर में गहरी चोट लगने से उसकी मौत हो गई, परिजन रात में ही पूरनलाल को सीएचसी लाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया। इस घटना की रिपोर्ट मृतक के भाई कुंवरपाल ने चार लोगों यादराम, भगवानदास, मोकम पाल, भानु प्रताप के खिलाफ दर्ज कराई है। हत्या से पूरनलाल के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। शनिवार शाम गमगीन माहौल में उनकी अंत्येष्टि की गई।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *