शेरगढ़, बरेली। बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा संचालित संभव अभियान 6.0 के अंतर्गत ‘गर्भावस्था से बाल्यावस्था तक पोषण सुरक्षा थीम पर जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अभियान के शुभारंभ पर बाल विकास परियोजना अधिकारी भानु प्रताप के नेतृत्व में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने ब्लॉक परिसर से टंकी चौराहे तक पोषण जागरूकता रैली निकाली। इसके माध्यम से लोगों को मातृ एवं शिशु पोषण, कुपोषण से बचाव तथा संतुलित आहार के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं की नियमित स्वास्थ्य जांच, कम वजन वाले नवजात शिशुओं की देखभाल, जन्म से छह माह तक केवल स्तनपान, समय पर ऊपरी आहार की शुरुआत, 6 से 59 माह तक के कुपोषित बच्चों की पहचान एवं उपचार तथा गंभीर कुपोषित बच्चों के समयबद्ध प्रबंधन पर विशेष जोर दिया। परियोजना की सुपरवाइजर शिवांगी शुक्ला ने बताया कि अभियान के अंतर्गत नियमित रूप से बच्चों का वजन, लंबाई एवं पोषण स्तर का आकलन करें। इस दौरान क्लर्क इंतजार हुसैन, सुपरवाइजर उजमा खान, वसुंधरा, आंगनबाड़ी संजू कुमारी, रत्नावती, नीरज कुमारी, शारदा देवी, ममता गंगवार सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रही।।
बरेली से कपिल यादव
