रेल महाप्रबंधक ने ट्रैकमैनों की सुनीं समस्याएं, गेटमैन से हुये प्रभावित

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने इज्जतनगर-माला रेलखंड का निरीक्षण किया। इस दौरान अमृत भारत योजना के निर्माण कार्यों का जायजा लिया। ट्रैकमैनों की समस्याओं को सुना। वहीं इज्जतनगर कत्था फैक्टरी क्रासिंग-236 पर महाप्रबंधक गेटमैन सुनील कुमार से प्रभावित हुये। करीब 10 मिनट तक गेटमैन से सवाल जवाब किये। हर सवाल का जवाब सुनील कुमार ने सही दिया। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने रविवार को मंडल रेल प्रबंधक इज्जतनगर वीणा सिन्हा, अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार तथा मंडल के शाखा अधिकारियों के साथ इज्जतनगर मंडल के विभिन्न रेल प्रतिष्ठानों एवं संरक्षा व्यवस्थाओं का व्यापक निरीक्षण किया। इज्जतनगर-माला रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण कर रेल पथ, संरक्षा एवं परिचालन व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पीलीभीत रेलवे स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का भी गहन निरीक्षण किया। बरेली जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या-5 एवं 6 के स्टेशन यार्ड, सर्कुलेटिंग एरिया के पुनर्विकास कार्यों की समीक्षा की। बरेली सिटी स्टेशन पर प्लेटफॉर्म संख्या-1 स्थित टिकट काउंटर, आरक्षण कक्ष, प्लास्टिक बोतल क्रशिंग मशीन तथा हार्टमैन पुल के समीप स्थित समपार संख्या 244 पर निर्माणाधीन अंडरपास का भी निरीक्षण कर कार्य पूरा करने को कहा। इज्जतनगर कत्था फैक्टरी क्रासिंग-236 पर महाप्रबंधक ने गेटमैन सुनील कुमार से संरक्षा संबंधी प्रश्न पूछे तथा आपातकालीन परिस्थितियों, विशेषकर बूम बैरियर खराब होने की स्थिति में अपनाई जाने वाली कार्यप्रणाली का प्रदर्शन कराया। गेटमैन द्वारा स्लाइडर बूम का सफल संचालन किए जाने पर उन्होंने उसकी सराहना की तथा स्लाइडर बूम को सदैव चिकनाईयुक्त (लुब्रिकेटेड) रखने के निर्देश दिए।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *