बरेली। भाजपा ब्रज क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार बरेली पहुंचे पूरनलाल लोधी का कार्यकर्ताओं ने ऐतिहासिक स्वागत किया। फतेहगंज पूर्वी से लेकर जीआईसी तक जगह-जगह फूल-मालाओं और पुष्पवर्षा के बीच उनका अभिनंदन किया गया। स्वागत समारोह में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी से पूरे संगठन में उत्साह और जोश देखने को मिला। भाजपा कार्यकर्ताओं ने फतेहगंज पूर्वी पर क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरन लाल लोधी का फूल-मालाओं से स्वागत किया। इसके बाद उनके काफिले का कई स्थानों पर भव्य अभिनंदन किया गया। जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरन लाल लोधी ने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन ही सर्वोपरि है और भाजपा में एक साधारण कार्यकर्ता भी शीर्ष पद तक पहुंच सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने और जनता से लगातार संवाद बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पार्टी के किसी भी कार्यकर्ता की उपेक्षा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सामाजिक समरसता को संगठन की ताकत बताते हुए उन्होंने कहा कि पीडीए की राजनीति का जवाब सामाजिक एकता से दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उसका पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे तथा 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि वह कल्याण सिंह, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों पर चलकर संगठन को और मजबूत करेंगे। प्रदेश उपाध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है और संगठन में मेहनत करने वाले प्रत्येक कार्यकर्ता को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में योगदान देने का आह्वान किया। प्रदेश मंत्री सुभाषिनी जायसवाल ने कहा कि भाजपा ही वह दल है, जहां एक साधारण कार्यकर्ता को भी प्रदेश स्तर की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलती है। इसके लिए उन्होंने शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रदेश सरकार के मंत्री अरुण कुमार सक्सेना, सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, मेयर डॉ. उमेश गौतम, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, एमएलसी बहोरन लाल मौर्य, विधायक डॉ. डी.सी. वर्मा, डॉ. एम.पी. आर्य, डॉ. राघवेंद्र शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष सोमपाल शर्मा, आंवला जिलाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह, महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना, देवेंद्र सिंह राजपूत सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
