नई जिला जेल मे बंदियों की शिफ्टिंग शुरू, पहले चरण मे 66 कैदी पहुंचे, महिला बंदियों के लिए अलग सेल

बरेली। जिले की नई जिला जेल में कैदियों की शिफ्टिंग का काम शुरू हो गया है। शनिवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पहले चरण में केंद्रीय कारागार-2 से सात साल से कम सजा पाने वाले 66 बंदियों को नई जेल में स्थानांतरित किया गया। लंबे इंतजार के बाद शुरू हुई इस प्रक्रिया को लेकर जेल प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। कोतवाली क्षेत्र के रजिस्ट्री ऑफिस के पास करीब 172 करोड़ रुपये की लागत से तैयार नई जिला जेल को आधुनिक सुविधाओं और मजबूत सुरक्षा व्यवस्था से लैस किया गया है। करीब सात साल बाद इस जेल में बंदियों की शिफ्टिंग शुरू हुई है। जेल की कुल क्षमता 2579 बंदियों की रखी गई है। जिससे भविष्य में बढ़ती जरूरतों को भी पूरा किया जा सकेगा। पूरे जेल परिसर में सीसीटीवी कैमरों का जाल बिछाया गया है। इसके अलावा हाई सिक्योरिटी सेल और आधुनिक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है, जिससे हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके। जेल प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा के लिहाज से सभी जरूरी इंतजाम किए गए है। नई जिला जेल में महिला बंदियों के लिए अलग सेल तैयार किए गए हैं। इसके लिए महिला बंदियों की मांग भी की गई है। जेल प्रशासन का कहना है कि पुरुष और महिला बंदियों के लिए अलग-अलग सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि सुरक्षा और व्यवस्था बेहतर बनी रहे। अधीक्षक, डिप्टी जेलर और फार्मासिस्ट की तैनाती की जा चुकी है, जबकि चिकित्सक की नियुक्ति के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *