बरेली। नीट पेपर लीक प्रकरण के बाद रविवार को दोबारा परीक्षा कराई जाएगी। बरेली में इस परीक्षा को लेकर प्रशासन और पुलिस ने कड़े इंतजाम किए हैं। सारी व्यवस्थाओं के साथ ही शनिवार को सभी केन्द्रों को सेनीटाइज कर दिया गया है। वहीं डीएम और एसएसपी ने अपने अपने विभागीय अधिकारियों और संयुक्त बैठक कर परीक्षा कराने की रूपरेखा को हरी झंडी दे दी है। रविवार को 24 सेंटरों पर नीट परीक्षा आयोजित होगी। जिसमें 11492 अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे। एडीएम सिटी अविनाश त्रिपाठी ने बताया कि सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि हर सेंटर पर एक मजिस्ट्रेट, ऑबजर्वर ड्यूटी पर रहेंगे। हर केन्द्र पर एक एसआई को मिलाकर पांच पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे। हर केन्द्र का एसआई पुलिस का नोडल अफसर होगा। एडीएम सिटी ने बताया कि 6 सेंटरों पर दिव्यांगजन भी परीक्षा देने आ रहे हैं। उनके लिए व्हील चेयर का इंतजाम किया गया है। इसके अलावा हर सेंटर पर एक एम्बुलेंस, आपातकालीन स्थिति में प्रयोग होने वाली दवाओं और एक एम्बुलेंस का भी इंतजाम किया गया है। अधिकारी के मुताबिक दिव्यांगजनों को परीक्षा खत्म करने के लिए एक घंटा पांच मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा। मतलब उनकी परीक्षा शाम 6:20 मिनट पर खत्म होगी। एडीएम सिटी के मुताबिक सेंटरों पर दो चरणों में चेकिंग होगी। पुरुष अभ्यर्थी के लिए छह और महिला अभ्यर्थियों के लिए चार महिला पुलिस कर्मी पहले चेकिंग करेंगी। उसके बाद दूसरे चरण में उनका बायोमेट्रिक, फोटो और आईडी की चेकिंग की जाएगी। अधिकारी ने बताया कि परीक्षा देने आ रहे अभ्यर्थियों को रोडवेज में 50 प्रतिशत किराये में छूट मिलेगी। जिसकी सूचना परिवहन विभाग के अधिकारियों को दी जा चुकी है। एडीएम सिटी ने बताया कि सुबह 11 बजे से सेंटरों पर प्रवेश शुरू हो जाएगा। जो कि दोपहर 1:30 बजे तक चलेगा। उसके बाद किसी सूरत में किसी भी अभ्यर्थी को सेंटर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। अधिकारी ने बताया कि दोपहर 2:00 बजे से परीक्षा प्रारम्भ होगी और शाम 5:15 बजे खत्म होगी।।
बरेली से कपिल यादव
